रामपुर की काशापाट पंचायत में फटा बादल तीन घर हुए क्षतिग्रस्त

Published

रामपुर/हिमाचल प्रदेश: हिमाचल प्रदेश के ऊपरी क्षेत्र में लगातार भारी बरसात कहर बरपा रही है बारिश से विभिन्न स्थानों पर नुकसान के मामले सामने आ रहे हैं। ऐसा ही मामला बीती रात रामपुर बुशहर की दुर्गम पंचायत काशापाट में सामने आया है। जहां पर बादल फटने से 3 मकान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। इसके साथ खेत व सेब के पेड़ भी नष्ट हो गए हैं।

वही जानकारी देते हुए ग्राम पंचायत प्रधान पुष्पा सनाटू ने बताया कि, गुरुवार रात लगभग साढ़े 11 बजे क्षेत्र में भारी बारिश हुई। उसी दौरान  काशापाट पंचायत की सौर दौगरी नामक स्थान पर बादल फटने की सूचना प्राप्त हुई।

जहां पर तीन घरों को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि, घरों में पूरी तरह से दरारे आ चुकी है और इसके साथ कई बीघा भूमि भी नष्ट हुई है। वहीं इससे सेब के पौधे भी पूरी तरफ से नष्ट हुए हैं।

बादल फटने से हुआ भारी नुकसान

उन्होंने बताया कि, वही प्रभावित परिवारों को दूसरे स्थान पर शिफ्ट कर दिया गया है। प्रभावितों में थोई राम पुत्र परमु राम निवासी सौर दौगरी काशापाट तहसील रामपुर जिला शिमला, रूप सिंह पुत्र थोई निवासी सौर दौगरी काशापाट तहसील रामपुर जिला शिमला मौजूद है।

इसके साथ लोगों के खेत व फलों के पौधे भी नष्ट हुए हैं। प्रधान ने बताया कि काशापाट पंचायत में भी भारी बरसात व भूस्खलन से विभिन्न स्थानों पर नुकसान हो रहा है। रामा नामक स्थान पर भी भारी भूस्खलन होने से लोगों के घरों को खतरा बना हुआ है।

ग्राम प्रधान ने प्रशासन से लगाई मदद की गुहार

वहीं प्रधान ने बताया कि, काशापाट के लिए सड़क भी बंद पड़ चुकी है। उन्होंने प्रशासन व सरकार से आग्रह किया है कि काशापाट पंचायत में राजस्व विभाग की टीम मौसम साफ होते ही क्षेत्र में नुकसान का जायजा लें और प्रभावित परिवारों को राहत राशि प्रदान करने का प्रयास करें।

रिपोर्ट- मीनाक्षी

रामपुर, हिमाचल प्रदेश