ICC Women’s T20 World Cup: क्रिकेट में आज से महिलाओं की जंग, जानिए भारत में कब और कहां होगा मैचों का प्रसारण?

Published
ICC Women's T20 World Cup

नई दिल्ली। आज से महिलाओं के बीच क्रिकेट (ICC Women’s T20 World Cup) की जंग शुरू होने जा रही है। ICC महिला टी20 विश्व कप का नौवां संस्करण शुरू हो चुका है। पहले बांग्लादेश में होने वाला यह टूर्नामेंट यूएई स्थानांतरित किया गया है। बता दें कि टूर्नामेंट गुरुवार से शुरू हो रहा है, जिसके मैच दुबई और शारजाह में खेले जाएंगे।

ICC Women’s T20 World Cup: 10 टीमें ले रही हैं हिस्सा

आईसीसी महिला टी20 विश्व कप के 9वें संस्करण में 10 टीमें हिस्सा ले रही हैं। ग्रुप ए में ऑस्ट्रेलिया, भारत, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान, श्रीलंका हैं। वहीं, ग्रुप बी में बांग्लादेश, इंग्लैंड, स्कॉटलैंड, दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज हैं। अंत में दोनों ग्रुप से दो-दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेगी।

4 अक्टूबर से भारत करेगा अपने अभियान की शुरूआत

ICC Women’s T20 World Cup के लिए भारत, ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका, न्यूजीलैंड और पाकिस्तान ग्रुप ए में हैं। टूर्नामेंट में भारत अपने अभियान की शुरुआत शुक्रवार (4 अक्टूबर) को न्यूजीलैंड के खिलाफ करेगा। टीम का अगला मुकाबला रविवार (6 अक्टूबर) को पाकिस्तान से है। फिर भारत 9 अक्टूबर को श्रीलंका के खिलाफ खेलेगा। भारत के पहले तीनों मैच दुबई में होंगे। अपने आखिरी लीग मुकाबले में भारत 13 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बड़े मैच के लिए शारजाह में भीड़ेगा।

ऑस्ट्रेलिया सबसे अधिक जीता है टाइटल

ज्ञात हो कि यह टूर्नामेंट का 9वां संस्करण है। अभी तक हुए 8 सीजन में ऑस्ट्रेलिया सबसे अधिक छह बार टाइटल जीता है। जबकि इंग्लैंड ने 2009 में उद्घाटन संस्करण जीता था और वेस्टइंडीज ने 2016 में ईडन गार्डन्स में ICC महिला T20 विश्व कप का खिताब जीता था।

कब और कहां होगा मैचों का प्रसारण

भारत में ICC Women’s T20 World Cup के सभी मैच स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर प्रसारित किए जाएंगे। दर्शक इसे डिज्नी+हॉटस्टार पर ऑनलाइन स्ट्रीमिंग कर पाएंगे। दिन के मैच दोपहर 3:30 बजे से और शाम के मैच शाम 7:30 बजे से शुरू होंगे।

-गौतम कुमार