Haryana Assembly Polls Result: हरियाणा में भाजपा की लगातार तीसरी बार सरकार, रुझानों में बढ़त के बाद पिछड़ी कांग्रेस

Published
Haryana Assembly polls : हरियाणा में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार

नई दिल्ली। हरियाणा में भाजपा (Assembly polls) लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है। एग्जिट पोल के अनुमानों को गलत साबित करते हुए, भाजपा हरियाणा चुनावों में अपनी सबसे बड़ी जीत की ओर बढ़ रही है। इस चुनाव में जीत के बाद एक बार फिर हिंदी पट्टी का यह राज्य भाजपा का गढ़ बनता दिख रहा है। राज्य में भाजपा हैट्रिक बनाने के लिए तैयार है और राज्य में चुनावी इतिहास रचेगी। कांग्रेस जिसे सत्ता विरोधी लहर का लाभ मिलता दिख रहा था और जो धारणा की लड़ाई में आगे दिख रही थी, फिर से लड़खड़ा गई और भाजपा को हटाने के लिए जनता से पर्याप्त समर्थन नहीं जुटा पाई।

कांग्रेस -बीजेपी को 39 फीसदी वोट

पिछले लोकसभा और विधानसभा चुनाव की तुलना में कांग्रेस ने हरियाणा में अपने वोट शेयर में सुधार किया। यह सुधार बीजेपी ने भी किया है। विधानसभा चुनाव (Assembly polls) 2024 में दोनों पार्टियों को लगभग 39 फीसदी वोट मिली हैं।

Assembly polls : जीत पर भाजपा की प्रतिक्रिया

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चुनावों में पार्टी के प्रभावशाली प्रदर्शन के बाद कुरुक्षेत्र में अपने आवास पर भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा मैं हरियाणा के 2.80 करोड़ लोगों को तीसरी बार भाजपा के कामों पर मुहर लगाने के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं। यह सब केवल पीएम मोदी की वजह से है। हम उनके नेतृत्व में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने मुझसे बात की और अपना आशीर्वाद दिया। मुझे विश्वास था कि हरियाणा के गरीब, किसान और युवा मुझे आशीर्वाद देंगे। पार्टी की जीत पर भाजपा नेताओं ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में किए गए कामों के आधार पर हरियाणा में उनकी सरकार के लिए यह सत्ता समर्थक रुझान था।

हरियाणा में कैसा रहा चुनावी नतीजा

चुनाव आयोग के नवीनतम रुझानों के अनुसार, हरियाणा में भाजपा 49 सीटों ((27 जीती, 22 आगे) पर आगे चल रही है। जबकि कांग्रेस 36 सीटों ((25 जीती, 11 आगे) पर आगे चल रही है। वहीं इंडियन नेशनल लोकदल दो सीटों पर आगे चल रही है और निर्दलीय 3 सीटों पर जीते हैं या आगे चल रहे हैं। हरियाणा विधानसभा में 90 सीटें हैं।

-गौतम कुमार