विधानसभा चुनावों में भाजपा की जीत पर PM Modi ने कार्यकर्ताओं की सराहना, मतदाताओं का किया धन्यवाद

Published
PM Modi : PM praised the workers on BJP's victory in the assembly elections

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को हरियाणा विधानसभा चुनावों में भाजपा की अभूतपूर्व जीत और पार्टी की लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के लिए लोगों का धन्यवाद किया। हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनावों के नतीजों के बाद भाजपा मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को PM ने संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि हरियाणा में पार्टी की जीत पार्टी कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत का नतीजा है।

भाजपा मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को PM ने किया संबोधित

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में दशकों के बाद चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुए और यह भारत के संविधान और लोकतंत्र की जीत है। PM मोदी ने कहा कि जहां दूध-दही का खाना, वैसा है अपना हरियाणा। हरियाणा के लोगों ने कमाल कर दिया है। आज नवरात्रि का छठा दिन है, मां कात्यायनी का दिन। मां कात्यायनी हाथ में कमल लिए शेर पर विराजमान हैं। वह हम सभी को आशीर्वाद दे रही हैं। ऐसे पवित्र दिन पर हरियाणा में तीसरी बार कमल खिला है।

जम्मू-कश्मीर संविधान और लोकतंत्र की जीत : PM

उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर चुनावों में भाजपा ने सबसे ज्यादा वोट प्रतिशत हासिल किया है। पीएम मोदी ने कहा जम्मू-कश्मीर में शांतिपूर्ण चुनाव हुए, वोटों की गिनती हुई और नतीजे घोषित किए गए और यह भारतीय संविधान और लोकतंत्र की जीत है। जम्मू-कश्मीर की जनता ने NC-INC गठबंधन को जनादेश दिया, मैं उन्हें भी बधाई देता हूं। अगर वोट शेयर प्रतिशत देखें तो भाजपा जम्मू-कश्मीर में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है।

पीएम ने की मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सराहना

प्रधानमंत्री ने पार्टी की जीत पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की भी सराहना की। उन्होंने कहा, हरियाणा में जीत पार्टी कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत का नतीजा है। यह नड्डाजी और हरियाणा टीम की जीत है, जीत हमारे विनम्र मुख्यमंत्री की भी है। आज हरियाणा में विकास की गारंटी ने झूठ के प्रयासों पर जीत हासिल की है। हरियाणा के लोगों ने नया इतिहास रच दिया है। भाजपा ने हरियाणा विधानसभा में 48 सीटें जीतीं और 90 सदस्यीय सदन में पूर्ण बहुमत हासिल किया। पार्टी राज्य में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के लिए तैयार है। प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य में किसी भी पार्टी ने लगातार तीन बार सरकार नहीं बनाई है।

-गौतम कुमार