अपनी महत्वकांक्षा पूरी करने के लिए बिहार को बर्बाद कर रहे हैं नीतीश- चिराग पासवान

Published

बिहार/शेखपुरा: शुक्रवार को लोक जन शक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान पटना से जमुई जा रहे थे। इस दौरान तिरमुहानी बाइपास पर मौजूद पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उन्हें पगड़ी पहना कर फुलमाला से स्वागत किया। पासवान जमुई से सांसद हैं और शेखपुरा उन्हीं के संसदीय क्षेत्र में आता है। वहां मौके पर मौजूद स्थानिय पत्रकारों से बातचीत के दौरान चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जमकर निशाना साधा। नीतीश कुमार पर बिहार को गर्त में धकेलने का आरोप लगाते हुए पासवान ने कहा कि केवल अपनी महत्वकांक्षा को पूरा करने के लिए नीतीश जी बिहार को बर्बाद कर रहे हैं जिससे बिहार की प्रशासनिक और विधि व्यवस्था तार-तार हो रही है।

JDU में मचा घमासान

चिराग पासवान ने कहा कि महागठबंधन के साथ JDU में भी जमकर बवाल मचा है, रोज पार्टी के कार्यकर्ता अलग-अलग बातों पर आपस में ही घमासान कर रहे हैं। इस कारण यहां की पुलिस व्यवस्था और प्रशासन बुरी तरह प्रभावित हो रही है। बिहार की विधि व्यवस्था भी लुंज-पुंज हो चुकी है। हर दिन बिहार में 4 से 5 बड़े अपराध होते हैं ऐसा कोई भी दिन खाली नहीं जाता। ऐसी स्थिती में राज्य की विधि व्यवस्था पर सवाल खड़ा होता है।

नीतीश को अपनी कुर्सी बचाने की चिंता

चिराग पासवान ने कहा नीतीश कुमार को ना तो बिहार की चिंता है और ना ही बिहारियों की। नीतीश जी को केवल अपनी कुर्सी बचाने और पार्टी के अंतर्कलह की चिंता है। मुख्यमंत्री स्वंय समाधान यात्रा कर रहे हैं लेकिन उनके पास बिहार के बिगगड़ते हालात का कोई समाधान नहीं है। ये सिर्फ अपनी कुर्सी बचाने के लिए बिहार और बिहार के लोगों की समस्या को अनदेखा कर रहे हैं।