Haryana Election: 5 अक्टूबर को 2,03,54,350 मतदाता करेंगे हरियाणा में 1,031 उम्मीदवारों के किस्मत का फैसला

Published
Haryana Assembly Elections

नई दिल्ली। हरियाणा में विधानसभा (Haryana Election) के लिए कल होने वाले मतदान संबंधित जानकारी साझा करने के चुनाव आयोग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी पंकज अग्रवाल ने बताया कि राज्य में 2,03,54,350 मतदाता 5 अक्टूबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होने वाले 15वें हरियाणा विधानसभा चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

Haryana Election: 1,031 उम्मीदवार मैदान में

राज्य के सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 1,031 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। जिनमें 930 पुरुष और 101 महिलाएं हैं। इन उम्मीदवारों में 464 निर्दलीय उम्मीदवार हैं। विधानसभा चुनाव में मतदान के लिए 20,632 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

हरियाणा में कुल 2,03,54,350 मतदाता

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि राज्य में 2,03,54,350 मतदाताओं द्वारा अपने मतों का प्रयोग किया जाएगा। राज्य में 1,07,75,957 पुरुष, 95,77,926 महिलाएं और 467 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। इसमें 18 से 19 वर्ष की आयु के 5,24,514 युवा मतदाता हैं और 1,49,142 दिव्यांग मतदाता हैं।राज्य में 85 वर्ष से अधिक आयु के 2,31,093 मतदाता हैं, जिनमें 89,940 पुरुष और 1,41,153 महिलाएं हैं। इसके अतिरिक्त, 100 वर्ष से अधिक आयु के 8,821 मतदाता हैं, जिनमें 3,283 पुरुष और 5,538 महिलाएं हैं। राज्य में सेवा मतदाताओं की कुल संख्या 1,09,217 है, जिसमें 1,04,426 पुरुष और 4,791 महिलाएं हैं।

Haryana Election: 8 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे नतीजे

ज्ञात हो कि हरियाणा विधानसभा चुनाव (Haryana Election) के लिए प्रचार अभियान गुरुवार शाम को समाप्त हो गया। जिसके बाद शनिवार को 90 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतदान होना है। हरियाणा में भाजपा लगातार तीसरी बार सत्ता में बने रहने की उम्मीद कर रही है, जबकि कांग्रेस एक दशक के लंबे अंतराल के बाद वापसी की उम्मीद कर रही है। हरियाणा में मुख्य चुनावी दलों में भाजपा , कांग्रेस , आम आदमी पार्टी ( aap ) के साथ-साथ भारतीय राष्ट्रीय लोकदल-बहुजन समाज पार्टी (INLD-BSP) और जननायक जनता पार्टी ( JJP )-आजाद समाज पार्टी (ASP) के बीच चुनाव पूर्व गठबंधन शामिल हैं। हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजे जम्मू-कश्मीर के साथ 8 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।


-गौतम कुमार