Haryana Elections 2024: हरियाणा में 90 सीटों के लिए मतदान आज; 2 करोड़ से अधिक मतदाता करेंगे अपने मताधिकार का प्रयोग

Published

Haryana Elections 2024: हरियाणा में आज (5 अक्तूबर) को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है। 90 विधानसभा सीटों पर चुनाव के लिए 2,03,54,350 मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें से 8,821 मतदाता 100 वर्ष से अधिक उम्र के हैं। चुनाव में कुल 1,031 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 101 महिलाएं शामिल हैं। 464 निर्दलीय प्रत्याशी भी चुनाव लड़ रहे हैं। मतदान के लिए राज्य भर में 20,632 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

BJP और कांग्रेस के लिए चुनौती बन चुका है ये चुनाव!

राज्य में मौजूदा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में बीजेपी लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की कोशिश में है। वहीं, कांग्रेस एक दशक बाद सत्ता में वापसी की उम्मीद लगाए हुए है। कांग्रेस की ओर से प्रमुख चेहरा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा हैं, जबकि अन्य प्रमुख उम्मीदवारों में कांग्रेस प्रत्याशी विनेश फोगाट और जेजेपी के दुष्यंत चौटाला शामिल हैं।

हरियाणा के रण में ये पार्टियां दिखाएंगी अपना दम

इस बार चुनाव में अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी (AAP), इंडियन नेशनल लोकदल (INL) और बहुजन समाज पार्टी (BSP) के गठबंधन के साथ-साथ जननायक जनता पार्टी (JJP) और आजाद समाज पार्टी (ASP) का गठबंधन भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। हालांकि, राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार मुख्य मुकाबला बीजेपी और कांग्रेस के बीच ही देखने को मिल सकता है।

कब आएंगे चुनावी परिणाम ?

हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 के परिणाम 8 अक्टूबर 2024 को घोषित किए जाएंगे। चुनाव के जरिए राज्य की राजनीति में बड़े बदलाव की उम्मीद जताई जा रही है, क्योंकि सभी प्रमुख दल अपनी रणनीति और गठबंधनों के साथ सत्ता के लिए संघर्ष कर रहे हैं।