MP Exit Polls 2023: किसकी बनेगी सरकार, कमल या कमलनाथ?

Published

नई दिल्ली/डेस्क: मध्य प्रदेश के एग्जिट पोल के नतीजे सामने आ गए हैं, जिसमें बीजेपी काफी मजबूत नजर आ रही है. इस पर सभी दलों के नेताओं ने अपनी राय रखी है. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मीडिया से मिलकर यह कहा कि वह ‘कांटे की टक्कर, कांटे की टक्कर’ कहते रह गए लेकिन ‘लाडली बहनों’ ने सारे कांटे निकाल दिए। उन्होंने लाड़ली बहनों को धन्यवाद दिया।

मध्य प्रदेश के एग्जिट पोल्स के नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि उनकी पार्टी को 130 से ज्यादा सीटें मिलेंगी। उन्होंने इसे बहुत अलग बताया और कहा कि एग्जिट पोल्स के नतीजों पर कुछ कहना मुश्किल है।

दिग्विजय सिंह ने कहा, “मैं आपको आश्वस्त कर सकता हूं कि कांग्रेस को मध्य प्रदेश में 130 से अधिक सीटें मिलेंगी। लोग परिवर्तन चाहते हैं क्योंकि वह शिवराज सिंह चौहान से तंग आ चुके है।”

मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने एग्जिट पोल में बीजेपी की इस जीत को मोदी जी के प्रति जनमत के समर्थन और शिवराज सिंह के प्रशासनिक क्षमता का परिणाम माना।

पूर्व मुख्यमंत्री और मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने कहा कि जनता मध्य प्रदेश में कांग्रेस सरकार पर मुहर लगाने के लिए तैयार है। उन्होंने पार्टी के कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे भाजपा की जीत की भविष्यवाणी करने वाले एग्जिट पोल से प्रभावित न हों।

लेखक: करन शर्मा