PM Modi in Jharkhand: “JMM पर कांग्रेस का भूत सवार”- हजारीबाग में बोले PM मोदी

Published
PM Modi in Jharkhand

PM Modi in Jharkhand: जम्मू-कश्मीर और हरियाणा विधानसभा चुनाव के बाद अब झारखंड में विधानसभा चुनाव होने वाला है। जिसके लिए सभी पार्टियों ने तैयारी शुरू कर दी है। इसी क्रम में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झारखंड (PM Modi in Jharkhand) पहुंचे। पीएम मोदी ने हजारीबाग में एक महासभा को संबोधित करते हुए कहा, “भाजपा वह पार्टी है जिसने आप सबके साथ मिलकर झारखंड राज्य के सपने को देखा भी और उसे पूरा भी किया।”

हमारी लड़ाई RJD जैसी पार्टियों से थी- PM मोदी

PM मोदी ने कहा, “अटल बिहारी वाजपेयी ने सरकार में आते ही शांति और सहमति के साथ झारखंड राज्य बनाया था, हम झारखंड का विकास चाहते थे, हम यहां के आदिवासी समाज के सपनों को पूरा करना चाहते थे लेकिन इन्हें पूरा करने में हमारी लड़ाई RJD जैसी पार्टियों से थी। RJD जैसी पार्टी ने झारखंड को अपनी लूट का ठिकाना बना रखा था। जल, जंगल, जमीन की खुले आम लूट होती थी। इस इलाके को इन्होंने अपराधियों, माफियाओं का सेफ हाउस बना रखा था और इन्हें दिल्ली से कांग्रेस पार्टी शह दे रही थी।”

JMM भी कांग्रेस और RJD के रंग में रंग गई है- PM मोदी

उन्होंने कहा, “आज मुझे अफसोस है कि अब JMM भी कांग्रेस और RJD के रंग में रंग गई है। यह पुरानी JMM नहीं है, आज JMM पर कांग्रेस के इकोसिस्टम ने कब्जा कर लिया है, आज JMM पर कांग्रेस का भूत सवार है। भाषा बदली, चरित्र बदला और अब ये झारखंड की आत्मा को बदलने चले हैं। आज JMM सरकार झारखंड के विकास में बड़ी बाधा बन गई है। आज प्रदेश सरकार में जमीन के दलालों की तूती बोल रही है। इन्होंने गरीब आदिवासियों की जमीन को लूटा, झारखंड में कोयले की खुली लूट चल रही है, ठेके, पट्टे के नाम पर बालू की लूट हो रही है, जो खनिज विकास की पूंजी है, यह सरकार उसकी भी लूट कर रही है।”

JMM अब झूठे वादों की बदौलत अपने आपको बचाना चाहती है- PM मोदी

हजारीबाग में पीएम मोदी ने कहा, “JMM अब झूठे वादों की बदौलत अपने आपको बचाना चाहती है, जिन्होंने 5 साल तक जनता का हक छीना अब वो चुनाव में बड़े-बड़े वादें कर आपकी आंख में धूल झोंकना चाहते हैं, झारखंड के लोगों को इनसे सावधान रहना है। इन्होंने बेरोजगार युवाओं को बेरोजारी भत्ता देने का वादा किया था, उसका क्या हुआ? इन्होंने युवाओं के लिए भर्ती का वादा किया था, क्या वादा पूरा हुआ?।”

यह भी पढ़ें: PM Modi in Jharkhand: झारखंड की धरती पर गरजे PM मोदी,राज्य को दी करोड़ों की सौगात!