PM Flag off Vande Bharat: PM मोदी आज 3 वंदे भारत एक्सप्रेस को दिखाएंगे हरी झंडी, जानें- ट्रेनों का रूट और समय

Published

PM Flag off Vande Bharat: देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 31 अगस्त शनिवार यानी आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 3 नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। इनमें एक वंदे भारत ट्रेन चेन्नई सेंट्रल से नागरकोइल, दूसरी मदुरै से बेंगलुरु कैंट और तीसरी मेरठ सिटी से लखनऊ शामिल है। बता दें, मेरठ से लखनऊ वंदे भारत ट्रेन, मेरठ को लखनऊ से जोड़ने वाली पहली वंदे भारत एक्सप्रेस होगी।

मेरठ सिटी-लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मेरठ सिटी-लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। शनिवार यानी आज पहले दिन मेरठ-लखनऊ के बीच यात्रियों को फ्री यात्रा कराई जाएगी। इसके बाद वंदे भारत ट्रेन रविवार को लखनऊ से और सोमवार को मेरठ से अपनी सेवा देना शुरू करेगी। मंगलवार को छोड़कर यह ट्रेन हफ्ते में 6 दिन ही चलेगी। ट्रेन संख्या 22490 सुबह 6:35 बजे मेरठ सिटी से रवाना होकर दोपहर 1:45 बजे लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। इस दौरान ट्रेन मुरादाबाद और बरेली स्टेशनों पर रुकेगी। वापसी में, ट्रेन संख्या 22489 दोपहर 2:45 बजे चारबाग रेलवे स्टेशन से रवाना होगी और रात 10:00 बजे मेरठ सिटी पहुंचेगी।

चेन्नई सेंट्रल से नागरकोइल वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन

चेन्नई सेंट्रल से नागरकोइल के लिए चलने वाली वंदे भारत ट्रेन शुरू में चेन्नई सेंट्रल से संचालित की जाएगी, इसके बाद भविष्य में इसे चेन्नई एग्मोर से चलाया जाएगा। यह ट्रेन हर दिन चलेगी, सिवाय बुधवार के। ट्रेन संख्या 20627 सुबह 5 बजे चेन्नई एग्मोर से रवाना होकर दोपहर 1:50 बजे नागरकोइल पहुंचेगी। इस बीच यह ट्रेन तांबरम, विल्लुपुरम, तिरुचिरापल्ली, डिंडिगुल, मदुरै, कोविलपट्टी और तिरुनेलवेली स्टेशनों पर रुकेगी। वापसी में, ट्रेन संख्या 20628 दोपहर 2:20 बजे नागरकोइल से रवाना होकर रात 11 बजे चेन्नई पहुंचेगी।

मदुरै से बेंगलुरु कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन

मदुरै और बेंगलुरु कैंटोनमेंट के बीच वंदे भारत ट्रेन हफ्ते में सिर्फ 6 दिन चलेगी। यानी यह ट्रेन मंगलवार को अपनी सेवा नहीं देगी। यह ट्रेन मदुरै, तमिलनाडु को कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से जोड़ेगी। ट्रेन संख्या 20671 सुबह 5:15 बजे मदुरै से रवाना होगी और दोपहर 1 बजे बेंगलुरु छावनी पहुंचेगी, यात्रा के दौरान डिंडिगुल, तिरुचिरापल्ली, करूर, नमक्कल, सेलम और कृष्णराजपुरम पर रुकेगी। वापसी की ट्रेन संख्या 20672 दोपहर 1:30 बजे बेंगलुरु से चलकर रात 9:45 बजे मदुरै पहुंचेगी।