बीजेपी ने किया उप पंजीयक कार्यालय का घेराव और धरना प्रदर्शन

Published
Protest
Protest

महासमुंद/छत्तीसगढ़: भारतीय जनता पार्टी ने सरायपाली के उप पंजीयक कार्यालय का घेराव करते हुए धरना प्रदर्शन किया। पार्टी के सांसद चुन्नीलाल साहू, प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती डॉक्टर सरला कोसरिया, जिला अध्यक्ष श्रीमती रूप कुमारी चौधरी और कई वरिष्ठ नेताओं ने नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन किया। 

भारतीय जनता पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं का आरोप है कि सरायपाली उप पंजीयक कार्यालय में पदस्थ महिला अधिकारी का भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। किसान से लेकर हर वर्ग के लोग जो रजिस्ट्री कराने आते हैं, उनसे मनमाना अवैध रूप से घूस लेकर भ्रष्टाचार किया जा रहा है। उन्होंने सीधा आरोप लगाया कि सरकार और उनके विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों के संरक्षण में पूरा भ्रष्टाचार हो रहा है, और उसके विरोध का शुरुआत उप पंजीयक कार्यालय सरायपाली से किया गया है |

 हालांकि, उप पंजीयक कार्यालय में पदस्थ महिला अधिकारी के द्वारा एक दिवसीय आकस्मिक अवकाश ले लिए जाने कारण उप पंजीयक कार्यालय सुबह से ही बंद था। जिस पर भी उन्होंने सवाल खड़े किया कि एक अधिकारी के अवकाश में चले जाने से पूरा कार्यालय क्यों बंद है? उन्होंने इसका पंचनामा बनवाते हुए अधिकारियों से इसकी जांच और कार्रवाई करने की मांग भी की। बीजेपी के नेताओं का कहना है कि भ्रष्टाचार के विरोध में शंखनाद किया गया है, और उप पंजीयक कार्यालय से इसकी शुरुआत हुई है। आने वाले दिनों में पुलिस थाना तहसील कार्यालय और अन्य कई कार्यालयों में हो रहे भ्रष्टाचार के खिलाफ यह आंदोलन जारी रहेगा, और अब भ्रष्टाचार को खत्म किया जाएगा।

बीजेपी के द्वारा उप पंजीयक कार्यालय का घेराव धरना प्रदर्शन की सूचना पर भारी संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहा, हालांकि पार्टी के नेता सुबह से बंद उप पंजीयक कार्यालय में अपना एक और ताला लगाने की मांग कर रहे थे। अधिकारियों की समझाइश के बाद उन्होंने पंचनामा बनवाते हुए कार्यालय बंद करने और अधिकारी के खिलाफ जांच कर कार्रवाई करने की मांग की, जिस पर मौजूद अधिकारियों ने पंचनामा कर उच्च अधिकारियों को भेजने और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद धरना प्रदर्शन समाप्त हुआ।