मुंबई के ग्रांट रोड में रुबुनिसा मंजिल का हिस्सा ढहने से 1 की मौत, 4 घायल

Published

मुंबई: मुंबई के ग्रांट रोड स्टेशन इलाके में स्थित रुबुनिसा मंजिल, एक चार मंजिला पुरानी इमारत का हिस्सा ढह गया। इस हादसे में चार लोग घायल हो गए हैं और प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है।

रुबुनिसा मंजिल को छह महीने पहले नगर निगम ने खतरनाक इमारत घोषित किया था। आज सुबह से जारी भारी बारिश के कारण, इमारत का हिस्सा ढह गया, जिससे कई लोग अंदर फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही, मुंबई नगर निगम के अधिकारी और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।

इसके अलावा, ग्रांट रोड के नाना चौक इलाके में भी साई गुनिसा नामक इमारत का एक हिस्सा ढहने की सूचना मिली है। इस घटना में भी चार लोगों के फंसे होने की जानकारी है। नगर निगम के अधिकारी और दमकल कर्मी वहां भी बचाव कार्य में जुटे हुए हैं।

बता दें कि मुंबई और उसके उपनगरों में आज सुबह से भारी बारिश हो रही है, जिसके कारण कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया है और आम जनजीवन प्रभावित हुआ है।