Parliament Monsoon Session 2024: संसद में मानसून सत्र का 7वां दिन, सरकार पेश कर सकती है 6 नए बिल

Published

Parliament Monsoon Session 2024: 30 जुलाई मंगलवार यानी आज संसद में मानसून सत्र का सातवां दिन है। आज सुबह 11 बजे से कार्यवाही शुरू होगी। जानकारी के मुताबिक, आज केंद्र सरकार 6 नए बिल पेश कर सकती है। और 90 साल पुराना एयरक्राफ्ट एक्ट बिल-1934 भी बदला जा सकता है। वहीं वित्त मंत्री सीतारमण संसद में मानसून सत्र के सातवें दिन शाम 4 बजे बजट पर विपक्ष के आरोपों का जवाब देंगी। साथ ही केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज लोकसभा में जम्मू-कश्मीर का बजट पेश करेंगी।

बता दें, सत्र के छठे दिन संसद में दिल्ली हादसे पर चर्चा हुई थी। बीते दिन दिल्ली हादसे और बजट की गूंज पुरे संसद में गूंजी। वहीं विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी 29 जुलाई सोमवार को सरकार पर निशाना साधा।

“चक्रव्यूह का दूसरा नाम ‘पद्मव्यूह’ इसका अर्थ कमल निर्माण”

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, “हजारों साल पहले कुरुक्षेत्र में 6 लोगों ने अभिमन्यु को ‘चक्रव्यूह’ में फंसा कर मारा था। मैंने थोड़ी रिसर्च की और पता चला कि ‘चक्रव्यूह’ का दूसरा नाम होता है ‘पद्मव्यूह’- जिसका अर्थ है ‘कमल निर्माण’। ‘चक्रव्यूह’ कमल के फूल के आकार का है।

21वीं सदी में एक नया ‘चक्रव्यूह’ रचा गया है- वो भी कमल के फूल के रूप में तैयार हुआ है। इसका चिन्ह प्रधानमंत्री अपने सीने पर लगाकर चलते हैं।” इसी के साथ उन्होंने आगे कहा, अभिमन्यु के साथ जो किया गया, वह भारत के साथ किया जा रहा है – युवा, किसान, महिलाएं, छोटे और मध्यम व्यवसाय के साथ वही किया जा रहा है। आज भी ‘चक्रव्यूह’ के केंद्र में 6 लोग हैं। जैसे पहले 6 लोग कंट्रोल करते थे वैसे आज भी 6 लोग कंट्रोल कर रहे हैं -नरेंद्र मोदी, अमित शाह, मोहन भागवत, अजीत डोभाल, अंबानी और अडानी।”