खत्म हुआ मां सीता का श्राप, अयोध्या बनेगी स्मार्ट सिटी

Published

नई दिल्ली/डेस्क: अयोध्या शाही परिवार के सदस्य बिमलेंद्र मोहन प्रताप शाही ने बताया कि अब अयोध्या में माता सीता का श्राप समाप्त हो गया है और शहर एक विकसित नगर बन रहा है। यहां 100 से भी अधिक 5 स्टार होटल निर्माण के लिए आवेदन आए हैं, जो शहर के विकास को सुनिश्चित करता है। बिमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्रा, जिन्हें राजा साहब के नाम से जाना जाता है, ने अयोध्या के ऐतिहासिक विकास की बात की।

राम मंदिर में श्रीराम की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा की तैयारियों में जुटे बिमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्रा ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उन्हें अपने जीवन में कभी राम मंदिर के निर्माण को देखने का सौभाग्य प्राप्त होगा। उन्होंने राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के सदस्य होने का भी गर्व व्यक्त किया और 1990 में हुए आंदोलन के समय अपने महल में कारसेवकों को शरण देने की बात कही।

बिमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद से अयोध्या में खुशी का माहौल है। शहर में अब पैर रखने के लिए जगह है और यहां 100 से अधिक 5 स्टार होटल खोलने के लिए आवेदन आए हैं। अयोध्या को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है, और बिमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्रा का मानना ​​है कि यहां आने वाले लोग सिर्फ दर्शन के लिए ही नहीं, बल्कि शहर को भी देखने आएंगे। उनके अनुसार, अयोध्या को देश के सबसे पवित्र शहर के रूप में जाना जाएगा।

लेखक: करन शर्मा