मुंबई के दादर इलाके में शिवाजी पार्क में एक विशाल रैली का आयोजन कर रही कांग्रेस

Published

नई दिल्ली/डेस्क: कांग्रेस की रैली में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव समेत इंडिया अलायंस के कई दिग्गज नेता शिरकत करेंगे और देश को एकजुटता का संदेश देंगे. महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय वडेट्टीवार के मुताबिक मुंबई के दादर इलाके में शिवाजी पार्क में एक विशाल रैली का आयोजन किया जा रहा है.

मणिपुर से शुरू मुंबई में अंत

लोकसभा चुनाव 2024 को ध्यान में रखते हुए 14 जनवरी 2024 से मणिपुर से शुरू हुई कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का कल शनिवार (16 मार्च) को मुंबई में अंत हो गया. राहुल गांधी आज रविवार (17 मार्च) को मुंबई में पदयात्रा करेंगे. राहुल की ये पदयात्रा सुबह साढ़े आठ बजे से शुरू हो जाएगी. इस दौरान राहुल गांधी बाला साहेब स्मृति स्थल पर भी जाएंगे.

ये पदयात्रा महात्मा गांधी का निवास स्थान रहे मणि भवन से अगस्त क्रांति मैदान तक होगी. मणिभवन से ऐतिहासिक अगस्त क्रांति मैदान की दूरी करीब 1 किलोमीटर है. इसे न्याय संकल्प पदयात्रा नाम दिया गया है. इस पदयात्रा में सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े लोग शामिल होंगे. यात्रा के बाद राहुल गांधी तेजपाल हॉल में सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों से चर्चा करेंगे. राहुल गांधी जब भी मुंबई में होते हैं तो वो इसी मणि भवन में रुकते हैं.

कितने दिनों तक चली भारत जोड़ो न्याय यात्रा?

भारत जोड़ो न्याय यात्रा 63 दिन तक चली. इस दौरान 6600 किलोमीटर की दूरी तय की गई. न्याय यात्रा देश के 15 राज्यों के कम से कम 110 ज़िलों से होते हुए और करोड़ों लोगों से संपर्क करते हुए गुजरी. यात्रा में राहुल गांधी ने 15 जनसभा की और 70 जगहों पर जनता को संबोधित किया. न्याय यात्रा के समापन के दौरान राहुल गांधी के साथ उनकी बहन और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी मौजूद रहीं.

लेखक: इमरान अंसारी