लोकतंत्र के महापर्व का शुभारंभ, मतदान केंद्रों में वोटिंग शुरू

Published
Lok Sabha Election 2024
Lok Sabha Election 2024

Phase 1 Voting: लोकसभा चुनाव का शंखनाद बज चुका है। लोकतंत्र के महापर्व का शुभारंभ हो गया है। मतदाताओं में इस वक्त खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। सभी मतदान केंद्रों में वोटिंग शुरू हो गई है। पहले चरण में नागपुर सीट पर भी मतदान शुरू हो गया है। ऐसे में इस सीट के मतदान केंद्र पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत 7 बजे मतदान करने पहुंचे।

बता दें पहले चरण में 21 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की 102 संसदीय सीटों पर मतदान हो रहा है। ऐसे में आयोग ने 1.87 लाख मतदान केंद्रों पर 18 लाख से भी ज्यादा मतदान कर्मियों की तैनाती की है। वहीं 1600 से ज्यादा उम्मीदवार मैदान में उतरे हैं। चुनाव आयोग के मुताबिक वोटिंग सुबह 7 बजे से शुरू हो गई है जो कि शाम 6 बजे तक चलेगी।

पूर्व मुख्यमंत्रियों के साथ केंद्रीय मंत्रियों की किस्मत दांव पर!
लोकसभा चुनाव के पहले चरण में 9 केंद्रीय मंत्री, 2 पूर्व मुख्यमंत्री और 1 पूर्व राज्यपाल के साथ अन्य उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर है। चुनाव आयोग के अनुसार लोकसभा चुनाव के पहले चरण में 16.63 करोड़ से भी ज्यादा वोटर्स अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे।

लोकसभा चुनाव शेड्यूल
19 अप्रैल शुक्रवार यानी आज लोकसभा चुनाव के लिए वोटिंग होगी। जिसमें 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 102 सीट पर मतदान हो रहा है। इसके बाद दूसरे चरण के लिए 26 अप्रैल को 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 89 सीट पर मतदान होगा। तीसरे चरण के लिए 7 मई को 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 94 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान होगा। 13 मई को चौथे चरण का 10 राज्यों के 96 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान होगा। 20 मई को पांचवें चरण के लिए 8 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 49 सीट पर मतदान होगा। 25 मई को छठे चरण के लिए 7 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 57 सीट पर मतदान होगा। वहीं सातवें चरण यानी अंतिम चरण के लिए मतदान 1 जून को 8 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 57 सीट पर मतदान होगा।