बाढ़ में बहकर आबादी वाले क्षेत्रों में आए जलीय जंतु

Published

उत्तराखंड/लक्सर: हाल ही में पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक जोरदार बारिश देखने को मिली। बारिश के बाद पहाड़ों पर तो कई जगह भूस्खलन देखने को मिला।

वहीं बारिश के बाद सभी नदियों को जलस्तर भी बढ़ गया जिसके बाद नदियों के किनारे बसे गांवों में पानी घुस आया। कई गांवों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए। इतना ही नहीं बाढ़ के पानी में जलीय जंतु भी बहकर आबादी वाले क्षेत्रों में घुस गए।

लक्सर जिले के एक गांव में आया मगरमच्छ

ताजा मामला उत्तराखंड के लक्सर जिले के इस्लामपुर गांव का है जहां बाढ़ के पानी में बहकर एक विशालकाय मगरमच्छ आबादी वाले क्षेत्र में आ घुसा। विशालकाय मगरमच्छ को देखकर ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

रात भर ग्रामीणों ने मगरमच्छ को रस्सी से बांधकर वन विभाग को सूचना दी। वन विभाग को रात में रेस्क्यू की परमिशन न मिलने से रात में रेस्क्यू नहीं हो पाया।

वन विभाग ने किया मगरमच्छ का रेस्क्यू

जिसके बाद सुबह को परमिशन मिलने के बाद ग्राम प्रधान विकास सैनी की सूचना पर वन विभाग के कवींद्र सैनी बिट प्रभारी, गुर्जन उपनल कर्मी, भोपाल आदि ने मगरमच्छ का सफल रेस्क्यू कर गंगा नदी में छोड़ दिया।

आपको बता दें, लक्सर व खानपुर में आई बाढ़ के पानी से जंगली जीव जंतु पानी कम होते ही अब रिहायशी इलाकों आ रहे हैं जिससे आस-पास के लोग दहशत में रह रहे हैं। हालांकि वन विभाग की कई टीमें क्षेत्र में रेस्क्यू कर जंगली जीव जंतुओं को रिहायशी इलाकों से दूर छोड़ रही है।