Delhi Temperature: दिल्ली में भीषण गर्मी ने लोगों को झुलसाकर रख दिया है। आज (29 मई) पारा 52 डिग्री भी पार कर गया है। यह तापमान दोपहर ढाई बजे रिकॉर्ड किया गया। यह पहली बार है जब पारा 50 डिग्री के पार पहुंचा है। दिल्ली में मंगलवार को भी पारा 50 के लगभग पहुंचा था। दिल्ली में पिछले काफी दिनों से लू और भीषण गर्मी का अलर्ट जारी किया गया है।
मुंगेशपुर में सबसे अधिक तापमान
दिल्ली में भीषण गर्मी के कारण ऐसा लग रहा है, मानों भट्टी के पास तप रहे हैं। मुंगेशपुर में सबसे अधिक तापमान 52.3 डिग्री और नरेला में 47.9 डिग्री तापमान, नजफगढ़ में 48.6 डिग्री, जाफरपुर में 48 डिग्री, पूसा में 48.3 डिग्री, आयानगर में 45.7 डिग्री पहुंच गया है। वहीं मौसम विभाग ने इन इलाकों में ज्यादा गर्मी पड़ने की वजह भी बताई है।
बता दें कि मुंगेशपुर और नरेला में मंगलवार को तापमान 49.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, नजफगढ़ में 49.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था।
मौसम विभाग के प्रमुख ने बताया कारण
मौसम विभाग के क्षेत्रीय प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि, “नरेला, नजफगढ़ और मुंगेशपुर में इतना ज्यादा तापमान इसलिए दर्ज किया जाता है, क्योंकि ये शहर के बाहरी इलाके हैं। वहीं दूसरा कारण हवा की दिशा है। जब हवा पश्चिम से चलती है तो उन क्षेत्रों को सबसे जल्दी प्रभावित करती है। चूंकि वे बाहरी इलाके हैं, तापमान तेज गति से बढ़ता है।अभी शहर में लू का प्रकोप आने वाले कुछ दिनों तक ऐसे ही जारी रहेगा।
अभी पश्चिम की ओर से हवा चल रही है और राजस्थान से आने वाली गर्म हवा मुंगेशपुर व नजफगढ़ की तरफ से दिल्ली में प्रवेश करती है। जिस वजह से वहां गर्मी अधिक हो रही है।।
लोगों को घरों में रहने की दी गई है सलाह
मौसम विभाग और डॉक्टरों ने जरूरी काम न होने पर घरों से बाहर न निकलने के लिए कहा है। यदि लोग घरों में ही रहते हैं तो लू की चपेट में आने से बच सकते हैं। साथ ही खुद को ठंडा रखने के लिए पानी, नींबू पानी का सेवन करते रहें। यदि दोपहर में घर से बार निकलना है तो खुद को अच्छे से ढककर निकलें, ताकि आप लू से बच सकें।
कब-कब रिकॉर्ड हुआ अधिकतम तापमान
• आयानगर में 28 मई 1988 को 47.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया और 11 जून 2019 को 47 डिग्री तापमान था।
• पालम में 26 मई 1998 को 48.4 डिग्री तापमान और 10 जून 2019 को 48 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था।
• रिज में 16 मई 2022 को 47.2 डिग्री तापमान और 7 जून 2014 को 46.3 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था।
• सफदरजंग में 29 मई 1944 को 47.2 और 17 जून 1945 को 46.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था।
लेखक: रंजना कुमारी