लोकसभा चुनाव जीतने के बाद पहली बार रायबरेली पहुंचे राहुल गांधी, कहा- “जनता ने हिंसा, झूठ और अहंकार के खिलाफ वोट दिया…”

Published

रायबरेली: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रायबरेली में अपनी जीत के बाद जनता को संबोधित किया। उन्होंने अपने भाषण में कहा कि 2024 के चुनाव में जनता ने हिंसा, झूठ और अहंकार के खिलाफ वोट दिया है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा संविधान को बदलने की बात कर रही थी, लेकिन जनता ने उन्हें संविधान के महत्ता को समझने के लिए मजबूर कर दिया है।

राहुल गांधी का पीएम मोदी को संदेश

राहुल गांधी ने अपने भाषण में उत्तर प्रदेश की जनता की तारीफ की और कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को यह संदेश दिया है कि उनका विजन जनता को पसंद नहीं आया, क्योंकि वह केवल कुछ उद्योगपतियों के हित में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता ने यह स्पष्ट कर दिया है कि वह नफरत, बेरोजगारी और हिंसा के खिलाफ है और रायबरेली की जनता ने इस बदलाव की शुरुआत की है।

अयोध्या की हार और संदेश

राहुल गांधी ने अपने भाषण में बताया कि भाजपा ने फैजाबाद लोकसभा सीट भी हार गई और अयोध्या की जनता ने स्पष्ट संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी से बमुश्किल जीते हैं और यदि प्रियंका गांधी वहां से चुनाव लड़ी होतीं, तो वे लाखों वोटों से हार जाते। राहुल ने कहा कि देश की जनता ने भाजपा को स्पष्ट संदेश दिया है कि भारत मोहब्बत का देश है।

राहुल गांधी की राम मंदिर पर टिप्पणी

राहुल गांधी ने राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय किसी गरीब, आदिवासी या दलित को नहीं बुलाया गया था। वहां केवल फिल्मी हस्तियां और उद्योगपति मौजूद थे। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भाजपा की हार से जनता ने यह संदेश दिया है कि अब से मुद्दों की बात होगी, जिसमें महंगाई, बेरोजगारी और अन्य समस्याएं शामिल हैं।

रायबरेली और अमेठी के साथ रिश्ता पर क्या बोले राहुल गांधी?

राहुल गांधी ने कहा कि रायबरेली और अमेठी के साथ उनका रिश्ता बहुत पुराना है, जो करीब 100 साल पहले जवाहर लाल नेहरू के किसानों के आंदोलन से शुरू हुआ था। यह रिश्ता आज भी कायम है और हमेशा रहेगा।

प्रियंका गांधी ने भी किया जनता को संबोधित

प्रियंका गांधी ने भी जनता को संबोधित किया और कहा कि रायबरेली और अमेठी में जीत कांग्रेस कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि इस जीत ने साबित कर दिया है कि प्रदेश और देश की जनता साफ सुथरी राजनीति चाहती है। उन्होंने सपा कार्यकर्ताओं को भी धन्यवाद दिया जो इस मौके पर कांग्रेस के मंच पर मौजूद थे।