देशभर में AAP का हल्ला बोल, अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ सड़कों पर उतरेगी आप

Published

नई दिल्ली/डेस्क: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की सीबीआई द्वारा गिरफ्तारी के खिलाफ 29 जून शनिवार यानी आज आम आदमी पार्टी पूरे देश में विरोध प्रदर्शन करेगी। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संगठन मंत्री और सांसद डॉ. संदीप पाठक के नेतृत्व में गुरुवार को पार्टी मुख्यालय में हुई बैठक में यह फैसला किया गया है।

आप का कहना है कि केंद्र सरकार अपने राजनीतिक उद्देश्यों के लिए सभी केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। उन्हें जब लगा कि अरविंद केजरीवाल को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने वाली है, तब उन्होंने सीबीआई को आगे कर दिया।

AAP ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अभिभाषण का किया बाहिष्कार


बता दें 28 जून शुक्रवार को आम आदमी पार्टी ने अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अभिभाषण का बाहिष्कार किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है।

CM अरविंद केजरीवाल की आज राउज एवेन्यू कोर्ट में पेशी!

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को राउज एवेन्यू कोर्ट ने 26 जून को तीन दिन की सीबीआई रिमांड पर भेज दिया था, जो आज खत्म हो रही है। ऐसे में 29 जून शनिवार यानी आज सीएम अरविंद केजरीवाल को कोर्ट में पेश किया जाएगा।

लेखक-प्रियंका लाल