नीट-यूजी पेपर लीक मामले में 7वीं गिरफ्तारी, CBI ने अमन सिंह को किया गिरफ्तार

Published

NEET UG Paper Leak Case: नीट-यूजी पेपर लीक मामले में सीबीआई को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। सीबीआई ने 3 जुलाई बुधवार को पेपर लीक मामले में साजिशकर्ता बताए जा रहे अमन सिंह को झारखंड के धनबाद से गिरफ्तार कर लिया है। बता दें, मामले में जांच एजेंसी द्वारा यह सातवी गिरफ्तारी है।

CBI को सक्रिय मॉड्यूल के बारे में मिली थी खुफिया जानकारी

अधिकारियों का कहना है कि सीबीआई को पेपर लीक में शामिल झारखंड में सक्रिय मॉड्यूल के बारे में खुफिया जानकारी मिली थी। जिसके बाद जांच एजेंसी सीबीआई द्वारा अमन सिंह की गिरफ्तारी हुई।

इससे पहले जांच एजेंसी सीबीआई ने हजारीबाग में स्थित ओएसिस स्कूल के प्रधानाचार्य, उप प्रधानाचार्य के साथ नीट परीक्षार्थियों को ठहरने के लिए फ्लैट उपलब्ध कराने वाले दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया था। बिहार पुलिस को वहां से जले हुए प्रश्नपत्र भी मिले थे। वहीं बीते शनिवार को एजेंसी ने झारखंड के एक पत्रकार को मामले के संबंध में गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार किए गए शख्स का नाम जमालुद्दीन अंसारी है। अधिकारियों ने बताया कि जमालुद्दीन अंसारी को प्रिंसिपल एहसानुल हक और वाइस प्रिंसिपल की मदद करने की कोशिश करने के आरोप में गिरफ्तार किया था।

लेखक-प्रियंका लाल