President Murmu Played Badminton: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का खेलों के प्रति स्वाभाविक प्रेम उस वक्त देखने को मिला, जब उन्होंने 10 जुलाई को राष्ट्रपति भवन में दिग्गज शटलर साइना नेहवाल के साथ बैडमिंटन खेला। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इसकी कुछ तस्वीरें भी साझा की। राष्ट्रपति मुर्मू ने लिखा कि यह प्रेरणादायक कदम भारत के बैडमिंटन की दुनिया में एक पावर हाउस के रूप में उभरने के अनुरूप है, जिसमें महिला खिलाड़ी विश्व मंच पर बड़ा प्रभाव डाल रही हैं।
क्या है तस्वीर में
सोशल मीडिया पर राष्ट्रपति के आधिकारिक अकाउंट से जारी फोटो में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ओलंपिक मेडल विजेता साइना नेहवाल के साथ बैडमिंटन खेलती हुई नजर आ रही हैं। तस्वीरों में राष्ट्रपति शॉट खेलते हुए भी दिखाई दे रही हैं। बैडमिंटन कोर्ट पर बड़ी संख्या में लोग भी मौजूद थे, जिन्होंने राष्ट्रपति और ओलंपिक स्टार के बीच हुए इस मैच को देखा।
इसलिए राष्ट्रपति भवन पहुंची साइना
तस्वीर के कैप्शन में बताया गया कि साइना नेहवाल गुरुवार को राष्ट्रपति भवन के सांस्कृतिक केंद्र में एक व्याख्यान में शामिल होंगी। इसमें वह दर्शकों से बातचीत भी करेंगी। यह कार्यक्रम पद्म पुरस्कार विजेताओं की ‘उनकी कहानी-मेरी कहानी’ श्रृंखला के रूप में हो रहा है। साइना नेहवाल भी पद्म श्री और पद्म भूषण से सम्मानित हो चुकी हैं।