मुंबई दौरे पर समाजवादी पार्टी के 35 सांसद, बांद्रा के रंग शारदा हॉल में जनसभा को करेंगे संबोधित

Published

Mumbai visit of 35 Samajwadi Party MP: लोकसभा चुनाव 2024 का परिणाम एनडीए के पक्ष में रहा, लेकिन बात अगर उत्तर प्रदेश की करें तो उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी ने बाजी मारी। उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में से 37 सीटों पर सपा ने जीत हासिल की। यूपी में अच्छे प्रदर्शन के बात अब कहीं न कहीं समाजवादी पार्टी ने राष्ट्रीय पार्टी बनने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं! उत्तर प्रदेश में हुए लोकसभा चुनाव के बाद अब समाजवादी पार्टी ने आगामी महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव पर अपना ध्यान केंद्रित कर दिया है। इन सब के बीच आज उत्तर प्रदेश में विजय हुए सभी सपा सांसद मुंबई पहुंच रहे हैं।

बांद्रा के रंग शारदा हॉल में जनसभा को करेंगे संबोधित

19 जुलाई शुक्रवार यानी आज समाजवादी पार्टी अपने 35 सांसदों के साथ मुंबई का दौरा करेगी। सपा सांसदों के मुंबई दौरे की जानकारी सपा के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष अबू आसिम आजमी ने बुधवार को दी थी। बता दें, 19 जुलाई शुक्रवार यानी आज सपा के सांसद सबसे पहले मणि भवन जाएंगे, जहां महात्मा गांधी ने समय बिताया था। इसके बाद सभी सांसद चैत्यभूमि जाकर बाबासाहेब आंबेडकर को श्रद्धांजलि देंगे। साथ ही शिवाजी पार्क मैदान पर छत्रपति शिवाजी का अभिवादन करेंगे। उसके बाद सिद्धिविनायक मंदिर में दर्शन करेंगे। इसके बाद बांद्रा के रंग शारदा हॉल में एक जनसभा को संबोधित करेंगे।

कार्यक्रम में अखिलेश यादव की आने की संभावना कम

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, आज होने वाले कार्यक्रम में सपा प्रमुख अखिलेश यादव की आने की संभावना कम है। दरअसल, पिछले हफ्ते ही मुकेश अंबानी के बेटे अनंत अंबानी की शादी में शामिल होने के लिए अखिलेश यादव मुंबई आए थे। उन्होंने इस बीच पदाधिकारियों के साथ बैठक भी की थी।

लेखक-प्रियंका लाल