Vinesh Phogat Joins Farmers Protest: किसान आंदोलन 2.0 के 200 दिन हुए पूरे, विनेश फोगाट पहुंची शंभू बॉर्डर

Published

Vinesh Phogat Joins Farmers Protest: लंबे समय से शंभू बॉर्डर पर चल रहे किसान आंदोलन 2.0 के 200 दिन पूरे हो चुके हैं। इसके संबंध में किसानों ने शंभू बॉर्डर पर आज एक कार्यक्रम रखा, जिसमें पहलवान विनेश फोगाट भी शामिल होने के लिए पहुंचीं। पहलवान विनेश फोगाट को पंजाब-हरियाणा के शंभू बॉर्डर पर किसानों ने सम्मानित किया।

“किसान देश को चलाते हैं, उनके बिना कुछ भी संभव नहीं”

शंभू बॉर्डर पर किसानों के आंदोलन स्थल पर पहुंचीं पहलवान विनेश फोगाट ने मीडिया से बातचीत में कहा, “200 दिन हो गए हैं जब से वे यहां बैठे हैं। यह देखकर दुख होता है। वे सभी इस देश के नागरिक हैं। किसान देश को चलाते हैं। उनके बिना कुछ भी संभव नहीं है, एथलीट भी नहीं – अगर वे हमें खाना नहीं खिलाएंगे, तो हम प्रतिस्पर्धा नहीं कर पाएंगे। कई बार हम असहाय होते हैं और कुछ नहीं कर पाते हैं, हम इतने बड़े स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करते हैं, लेकिन हम अपने परिवार के लिए कुछ नहीं कर पाते हैं, भले ही हम उन्हें दुखी देखते हों। मैं सरकार से आग्रह करती हूं कि उन्हें सुनना चाहिए। उन्होंने पिछली बार अपनी गलती स्वीकार की थी, उन्हें अपने वादे पूरे करने चाहिए। अगर लोग इस तरह सड़कों पर बैठे रहेंगे तो देश आगे नहीं बढ़ेगा।”

“हमारे साथ बहुत अन्याय हुआ, हमारे ऊपर आरोप लगाए गए”

शंभू बॉर्डर पर किसान नेता सरवन सिंह पंढेर ने कहा, ”आंदोलन के 200 दिन हो गए हैं। हमारे साथ बहुत अन्याय हुआ। हमारे ऊपर आरोप लगाए गए। हमें खालिस्तानी और बहुत कुछ कहा गया। हमने धूप, बारिश, सर्दी का सामना किया और इन सबके बावजूद, 200 दिनों तक शांतिपूर्ण ढंग से विरोध जारी रहा। यह हमारे लिए एक बड़ी सफलता है। इसलिए इस मौके पर हमने किसानों को यहां एक साथ बुलाया। वह (विनेश फोगाट) भी यहां पहुंचीं। हमने उनका अभिनंदन किया। किसानों की बेटी किसानों के साथ खड़ी होगी।”