Haryana Congress Candidate List 2024: हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 के लिए कांग्रेस ने अपने 31 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। पार्टी ने हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुईं ओलंपिक पहलवान विनेश फोगाट को जींद की जुलाना विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में उतारा है। इसके अलावा, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को गढ़ी सांपला किलोई विधानसभा सीट से टिकट दिया गया है।
CM नायब सिंह सैनी के खिलाफ मेवा सिंह को मैदान में उतारा
वहीं, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के खिलाफ कांग्रेस ने मेवा सिंह को उम्मीदवार बनाया है और हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भान को होडल विधानसभा से मैदान में उतारा गया है। यह घोषणा कांग्रेस के लिए एक बड़ा कदम माना जा रहा है, खासकर जब पार्टी ने देशभर में कई महत्वपूर्ण राजनीतिक जोड़-तोड़ किए हैं।
आज शुक्रवार (6 सितंबर) को दिन में विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया ने कांग्रेस का दामन थामा था और आज ही विनेश फोगाट को कांग्रेस ने जुलाना से उम्मीदवार बनाकर हरियाणा चुनाव में बड़ा दांव खेला है।
भाजपा 67 उम्मीदवारों की सूची कर चुकी है जारी
दूसरी ओर भाजपा पहले ही अपने 67 उम्मीदवारों की सूची जारी कर चुकी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को लाडवा विधानसभा सीट से टिकट दिया गया है, जबकि पूर्व गृह मंत्री अनिल विज अंबाला कैंट से चुनाव लड़ेंगे।
हरियाणा में 5 अक्टूबर को मतदान होगा और 8 अक्टूबर को चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।