Haryana Assembly Elections 2024: हरियाणा में BJP को लगा एक और झटका! टिकट नहीं मिला तो नाराज पूर्व मंत्री ने पार्टी से दिया इस्तीफा

Published

चंडीगढ़: हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 के लिए जैसे भाजपा ने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की, वैसे ही पार्टी से इस्तीफों का दौर जारी हो गया। क्योंकि टिकट की आस में बैठे नेताओं को लिस्ट आने के बाद लग चुका है कि अब उन्हें टिकट पाने के लिए पार्टी से अलग होना पड़ेगा। भाजपा से इस्तीफे का ताजा मामला जींद जिले से आया। टिकट न मिलने से नाराज पूर्व मंत्री बचन सिंह आर्य ने भाजपा छोड़ दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, बचन सिंह आर्य जींद के सफीदों विधानसभा से टिकट मांग रहे थे। लेकिन भाजपा ने यहां से जेजेपी के बागी विधायक रामकुमार गौतम को उम्मीदवार बनाया है। यही कारण है कि बचन सिंह आर्य भाजपा से नाराज होकर चार लाइन में इस्तीफा लिखकर प्राइमरी मेंबरशिप भी छोड़ने का ऐलान कर दिया है। इससे दो दिन पहले उन्होंने चार लाइन की कुछ पंक्तियां भी लिखी थी।

"लगा दो आग पानी में…. शरारत हो तो ऐसी हो…. मिटा दो हस्ती जुल्मों की…. बगावत हो तो ऐसे हो।"

हरियाणा में ये नेता भी छोड़ चुके हैं भाजपा:

हरियाणा विधानसभा चुनाव से पहले ही भाजपा में इस्तीफों का दौर जारी है, और ये लिस्ट दिन व दिन लंबी होती जा रही है। इसका मुख्य कारण है पार्टी के सिंबल पर नेताओं को टिकट न मिलना। यही कारण है कि अभी तक भाजपा से रणजीत चौटाला, आदित्य चौटाला, पूर्व मंत्री और हरियाणा ओबीसी मोर्चा के पूर्व प्रमुख कर्ण देव कंबोज, सावित्री जिंदल, हरियाणा बीजेपी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सुखविंदर मांडी, लक्ष्मण नापा, पूर्व मंत्री कविता जैन, शमशेर गिल, विकास उर्फ़ बल्ले, अमित जैन, दर्शन गिरी महाराज और गैबिपुर से बीजेपी की वरिष्ठ नेता सीमा गैबिपुर ने भी पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है।