करनाल के नीलोखेड़ी के चौकी इंचार्ज को ACB की टीम ने रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा

Published

करनाल/हरियाणा: एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने नीलोखेड़ी पुलिस चौकी के इंचार्ज संजय कुमार व बिचौलिये मनोज कुमार को 80 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है।

संजय कुमार ने एक झगड़े के केस में शिकायतकर्ता की बहन को झगड़े के केस से बाहर निकालने के लिए एक लाख रुपए रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता के साथ 80 हजार रुपए में सेटिंग हो गई। शिकायतकर्ता ने जैसे ही चौकी इंचार्ज को 80 हजार रुपए पकड़ाए। एंटी करप्शन ब्यूरो ने रेड कर दी और चौकी इंचार्ज संजय कुमार को रिश्वत की राशि के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

मामला सुलझाने के लिए मांगे थे 1 लाख

लुधियाना निवासी एक युवक का नीलोखेड़ी के व्यापारी के साथ लेनदेन के मामले को लेकर झगड़ा चल रहा था। दोनों ने एक दूसरे के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवा दी। शिकायतकर्ता युवक का आरोप था कि चौकी इंचार्ज संजय कुमार ने उसकी बहन को मामले से बाहर निकालने के नाम पर एक लाख रुपए की मांग की।

शिकायतकर्ता ने एसीबी को ये भी बताया या कि चौकी इंचार्ज गिरफ्तार करने की धमकी भी दे रहा था और चौकी इंचार्ज ने 1 लाख की डिमांड की और 80 हजार रुपए में समझौता हुआ कि यह राशि मिलने पर वह उसकी बहन को केस से बाहर कर देगा। इस दौरान युवक ने एसीबी में चौकी इंचार्ज के खिलाफ शिकायत दर्ज करवा दी।

चौकी इंचार्ज को कोर्ट में किया जाएगा पेश

एसीबी ने शिकायतकर्ता को पैसों सहित चौकी इंचार्ज के पास भेजा। जैसे ही शिकायतकर्ता ने चौकी इंचार्ज संजय कुमार को 80 हजार रुपए पकड़ाए। विजिलेंस ने संजय कुमार को पैसों सहित पकड़ लिया।

एसीबी के इंस्पेक्टर संदीप ने बताया कि चौकी इंचार्ज ने लुधियाना के एक युवक से उसकी बहन को झगड़े के मामले में केस से बाहर निकालने के नाम पर एक लाख मांगे थे। 80 हजार में मामला तय हो गया। आरोपी संजय कुमार के खिलाफ करप्शन एक्ट के तहत केस दर्ज करके कार्रवाई कर दी है। शुक्रवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा। पता लगाया जाएगा कि रिश्वत की राशि कहां-कहां बांटी जानी थी।

रिपोर्ट- मुकुल सतिजा

करनाल, हरियाणा