Weather Update 27 September: महाराष्ट्र में बारिश से हाल बेहाल, जानें- आज देश में कैसा रहेगा मौसम?

Published
Weather Update 27 September
Weather Update 27 September

Weather Update 27 September: दिल्ली-एनसीआर में आज सुबह से मौसम सुहावना बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज दिल्ली में हल्की बारिश हो सकती है। वैसे तो आम तौर मानसून सितंबर महीने के अंत में विदाई लेता है। लेकिन इस बार ऐसा होता दिखाई नहीं दे रहा है। मानसून ने एक बार फिर देश के कई हिस्सों में करवट बदली है। जिसके बाद महाराष्ट्र, यूपी, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल में बारिश का दौर जारी है। आइए जानते हैं, आज देश में मौसम कैसा रहने वाला है?

दिल्ली

राजधानी दिल्ली में 27 सितंबर (शुक्रवार) यानी आज और 28 सितंबर को गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। जिसके बाद दिल्ली में तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। वहीं, 29 सितंबर से 2 अक्टूबर तक दिल्ली में बादल छाए रहेंगे लेकिन बारिश होने की संभावना कम है। राजधानी में आज अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है।

महाराष्ट्र

मानसून के करवट बदलने के बाद इसका सबसे ज्यादा असर महाराष्ट्र में देखने को मिल रहा है। महाराष्ट्र में लगातार हो रही बारिश के कारण लोगों के घरों में पानी भर गया है। वहीं अब तक 5 लोगों की जान जाने की खबर सामने आई है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटों में राज्य के कुछ स्थानों पर भारी बारिश, तेज हवाएं और बिजली कड़कने की संभावना है। इनमें पालघर और नासिक शामिल हैं।

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड

पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश का दौर जारी है। उत्तराखंड में 27 सितंबर यानी आज बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसी के साथ 28 सितंबर को भारी बारिश का यलो अलर्ट राज्य में जारी किया गया है। वहीं हिमाचल प्रदेश में आज भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। जिसके बाद भूस्खलन का खतरा राज्य में बढ़ सकता है।

इन राज्यों में बारिश के आसार!

मध्य प्रदेश के भोपाल, गुना, ग्वालियर, छिंदवाड़ा, दतिया के साथ कई जिलों में बारिश होने की संभावना है। इसी के साथ बिहार के भागलपुर, गया, जमुई, छपरा, पटना के साथ कई जिलों में 27 सितंबर को भारी बारिश हो सकती है। उत्तर प्रदेश की बात करें तो पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई हिस्सों में बारिश के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में भी आज गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।