Bhagat Singh Jayanti 2024: स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह की आज जयंती, 23 साल की उम्र में आजादी के लिए चूमा था फांसी का फंदा

Published
Bhagat Singh Jayanti 2024

Bhagat Singh Jayanti 2024: देश को आजाद हुए 77 साल हो चुके हैं। भारत के स्वतंत्रता आंदोलन में अहम भूमिका निभाने और अतुलनीय योगदान देने वाले शहीद भगत सिंह की आज जयंती है। शहीद-ए-आजम भगत सिंह ने अपनी जवानी में ही देश की आजादी के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया था। 23 साल की उम्र में देश को आजादी दिलाने के लिए उन्होंने मुस्कुराते हुए फांसी का फंदा चूमा था।

शहीद-ए-आजम भगत सिंह का जन्म 28 सितम्बर 1907 को एक सिख परिवार में हुआ था। 23 मार्च 1931 को वे वीरगति को प्राप्त हुए थे। शहीद भगत सिंह भारत के एक महान स्वतंत्रता सेनानी और क्रान्तिकारी थे। उन्होंने भारत की स्वतंत्रता के लिए अभूतपूर्व साहस के साथ शक्तिशाली ब्रिटिश सरकार का मुकाबला किया था।

PM मोदी ने स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह को किया याद

स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह की जयंती पर आज पूरा देश उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। वहीं इस मौके पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें याद करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर कर लिखा, “मातृभूमि के स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना जीवन बलिदान करने वाले अमर शहीद भगत सिंह को उनकी जन्म-जयंती पर शत-शत नमन।”

राहुल गांधी ने शहीद-ए-आजम भगत सिंह को किया याद

Bhagat Singh Jayanti 2024- लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने शहीद-ए-आजम भगत सिंह को याद करते हुए लिखा, “महान क्रांतिकारी शहीद-ए-आज़म भगत सिंह जी की जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। उनका साहस, त्याग एवं बलिदान हम सभी के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा।”

शहीद-ए-आजम भगत सिंह के विचार

  • वे मुझे मार सकते हैं, लेकिन मेरे विचारों को नहीं मार सकते। वे मेरे शरीर को कुचल सकते हैं, लेकिन मेरी आत्मा को कुचलने में सक्षम नहीं होंगे।
  • मेरे जीवन का एक ही लक्ष्य है और वो है देश की आज़ादी. इसके अलावा कोई और लक्ष्य मुझे लुभा नहीं सकता।
  • जिंदगी तो अपने दम पर जी जाती है, दुसरों के कंधे पर तो सिर्फ जनाजे उठाए जाते हैं।
  • सरफरोशी की तमन्ना अब हमारे दिल में है, देखना है जोर कितना बाजु-ए-कातिल में है।