Amit Shah meeting: नक्सल समस्या के खात्मे को लेकर गृह मंत्री अमित शाह की अहम बैठक कल; नक्सल प्रभावित राज्यों के सीएम के साथ करेंगे बैठक

Published

Amit Shah meeting: देशभर में नक्सल समस्या को समाप्त करने के उद्देश्य से गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में 7 अक्टूबर को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। यह बैठक दिल्ली के विज्ञान भवन में होगी, जिसमें नक्सल प्रभावित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ नक्सल विरोधी अभियान की समीक्षा की जाएगी।

इन राज्यों के मुख्यमंत्री और अधिकारी बैठक में होंगे शामिल

इस बैठक में आंध्र प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड, तेलंगाना, ओडिशा, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री भाग लेंगे। इसके अलावा, वामपंथी उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने वाले 5 केंद्रीय मंत्री और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी इस बैठक का हिस्सा होंगे। उप-राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के प्रमुख और राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी भी इस अहम बैठक में शामिल होंगे।

नक्सलवाद को समाप्त करने का लक्ष्य

केन्द्र सरकार ने मार्च 2026 तक देशभर में नक्सलवाद को पूरी तरह समाप्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस बैठक का उद्देश्य इस दिशा में किए गए कार्यों की समीक्षा करना और आगामी रणनीतियों पर चर्चा करना है।

बता दें कि वर्ष 2024 के शुरुआती 9 महीनों में नक्सल विरोधी अभियान के तहत 202 नक्सलियों को मारा गया है, जबकि 723 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है और 812 को गिरफ्तार किया गया है। यह संख्या नक्सलवाद के खात्मे की ओर बड़े कदम के संकेत देती है। शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में इस साल का सबसे बड़ा नक्सल विरोधी अभियान चलाया गया, जिसमें 31 नक्सलियों को मार गिराया गया।

क्यों जरूरी है बैठक?

गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हो रही यह बैठक इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि हाल ही में हुए नक्सल विरोधी अभियानों ने नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है। इस बैठक में भविष्य की रणनीतियों पर चर्चा की जाएगी ताकि नक्सल प्रभावित इलाकों में शांति और विकास लाया जा सके।

केंद्र और राज्य सरकारों के बीच समन्वय से नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में तेजी से काम हो रहा है, और 2026 तक इसे पूरी तरह समाप्त करने का लक्ष्य रखा गया है। इस बैठक से नक्सल विरोधी अभियान को नई दिशा मिलेगी।