PM मोदी ने कांग्रेस पर लगाया हिंदू समाज को विभाजित करने का आरोप,कहा-राजनीतिक लाभ के लिए के लिए समाज को जलाए रखना चाहती पार्टी

Published

नई दिल्ली। हरियाणा विधानसभा चुनाव में बीजेपी के ऐतिहासिक जीत हासिल करने के एक दिन बाद PM नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधा। पीएम ने कांग्रेस पर राजनीतिक लाभ के लिए हिंदू समाज को विभाजित करने का आरोप लगाया।

7600 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास

प्रधानमंत्री ने बुधवार को वर्चुअली महाराष्ट्र में 7600 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी। वर्चुअली कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, कल ही हरियाणा और जम्मू-कश्मीर के चुनाव परिणाम घोषित हुए। हरियाणा ने बता दिया है कि देश का मूड क्या है। दो कार्यकाल पूरे करने के बाद लगातार तीसरी बार बीजेपी का चुना जाना ऐतिहासिक है।

हिंदू समाज को विभाजित करना चाहती है कांग्रेस : PM

अपने संबोधन में कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस की नीति हिंदुओं की एक जाति को दूसरी जाति से लड़ाने की है। कांग्रेस जानती है कि जितना हिंदू बंटेगा, उतना ही उसे फायदा होगा। कांग्रेस राजनीतिक लाभ के लिए किसी भी तरह से हिंदू समाज को जलाए रखना चाहती है। भारत में जहां भी चुनाव होते हैं, कांग्रेस यही फॉर्मूला अपनाती है। पीएम मोदी ने यह भी दावा किया कि कांग्रेस पार्टी ने दलितों, किसानों, युवाओं समेत सभी वर्गों की जनता को गुमराह करने की कोशिश की , लेकिन उनके प्रयासों को विफल कर दिया गया।

कांग्रेस का इकोसिस्टम जनता को गुमराह करने में लगा है: PM

हरियाणा में नतीजों को लेकर पीएम ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस का पूरा इकोसिस्टम और शहरी नक्सलियों का पूरा गिरोह राज्य की जनता को गुमराह करने में लगा हुआ था। लेकिन कांग्रेस की सारी साजिशें धरी की धरी रह गईं। उसने दलितों के बीच झूठ फैलाने की कोशिश की। लेकिन दलित समुदाय ने उनके खतरनाक इरादों को भांप लिया। दलितों को एहसास हो गया कि कांग्रेस उनका आरक्षण छीनकर उनके वोट बैंक को बांटना चाहती है। पीएम मोदी ने कहा, हरियाणा के किसान भाजपा द्वारा शुरू की गई कल्याणकारी योजनाओं से खुश हैं। आज हरियाणा के दलित समुदाय ने भाजपा को रिकॉर्ड समर्थन दिया है। हरियाणा के OBC भाजपा के विकास कार्यों को देखकर उसके साथ हैं।

विकास परियोजनाओं के लिए महाराष्ट्र के लोगों को पीएम ने दी बधाई

प्रधानमंत्री ने महाराष्ट्र के लोगों को आज शिलान्यास हुए विभिन्न विकास परियोजनाओं के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा, आज महाराष्ट्र को 10 मेडिकल कॉलेजों का उपहार मिल रहा है। इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं, नागपुर हवाई अड्डे के आधुनिकीकरण और विस्तार कार्य तथा शिरडी हवाई अड्डे के लिए टर्मिनल भवन के निर्माण का शिलान्यास भी आज किया गया है। मैं इन सभी विकास कार्यों के लिए महाराष्ट्र के लोगों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं।

-गौतम कुमार