भ्रष्टाचार से जुड़े मामले में आंध्र प्रदेश के पूर्व सीएम चंद्रबाबू नायडू हुए गिरफ्तार

Published
Image Source : PTI

नई दिल्ली/डेस्क: आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू को भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ्तार किया गया है। टेलुगु देशम पार्टी (TDP) के प्रमुख चंद्रबाबू नायडू को आंध्र प्रदेश स्टेट स्किल डेवलपमेंट स्कैम (एपीएसएसडीएस) मामले में आरोपी माना जा रहा है। इस मामले में सैकड़ों करोड़ रुपये के गबन का आरोप है।

नायडू के खिलाफ 2021 में मामला दर्ज किया गया था और इसके बाद सीआईडी (आपराधिक जांच विभाग) ने शनिवार को कार्रवाई की। नायडू को नांदयाल से गिरफ्तार किया गया, जब वे शहर के आरके फंक्शन में अपने कैंप में आराम कर रहे थे। उन्हें गिरफ्तार करने नांदयाल रेंज के डीआईजी रघुरामी रेड्डी और सीआईडी के नेतृत्व में भारी पुलिस फोर्स पहुंची थी।

नायडू के बेटे नारा लोकेश भी हिरासत में लिए गए हैं। आंध्र प्रदेश सीईडी और पुलिस की टीम नायडू को गिरफ्तार करने सुबह 3 बजे ही पहुंच गई थी, लेकिन पूर्व सीएम की सुरक्षा में तैनात विशेष सुरक्षा बल ने उन्हें रोक दिया और कहा कि नियम के मुताबिक वे सुबह 5.30 बजे से पहले किसी को नायडू के पास जाने नहीं देंगे।

चंद्रबाबू नायडू के बेटे और टीडीपी नेता नारा लोकेश को पूर्वी गोदावरी जिले में पुलिस ने हिरासत में लिया है। मामले में सैकड़ों करोड़ रुपये के गबन का आरोप है, और यह मामला 2016 में टीडीपी सरकार के कार्यकाल के दौरान हुआ था। इस मामले में डीटीएसपीएल नामक कंपनी के निदेशकों और अन्य लोगों का आरोप है कि उन्होंने शेल कंपनी की मदद से बहुस्तरीय लेनदेन कर सरकारी धन का दुरुपयोग किया।

नायडू ने हाल ही में अपनी गिरफ्तारी की आशंका जताई थी और कहा था कि सरकार उन पर हमला कर सकती है।

लेखक: करन शर्मा