पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग के भाई विनोद सहवाग के खिलाफ एफआईआर दर्ज, हो सकती है जेल!

Published

Virender Sehwag Brother: पूर्व भारतीय विस्फोटक ओपनर वीरेंद्र सहवाग (Virender Sehwag) के भाई की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। वीरेंद्र सहवाग के भाई विनोद सहवाग (Vinod Sehwag) के खिलाफ चंडीगढ़ में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने विनोद सहवाग के अलावा दो अन्य लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 174ए और 82 के तहत एफआईआर दर्ज की है। आरोपियों के नाम विनोद सहवाग, सुधीर मल्होत्रा और विष्णु मित्तल हैं। विनोद सहवाग के खिलाफ चेक बाउंस मामले में केस दर्ज किया गया है।

मनीमाजरा थाने में विनोद सहवाग, सुधीर मल्होत्रा और विष्णु मित्तल के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। चेक बाउंस के मामले में आईपीसी की धारा 174-ए और धारा 82 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

आखिर क्या है मामला?

वीरेंद्र सहवाग के भाई विनोद सहवाग की बहादुरगढ़ के पास रोहतक में फैक्ट्री है। जिसका नाम ‘जाल्टा फूड एंड बेवरेजेज फैक्ट्री’ है। यहां प्लास्टिक की बोतलों में जलजीरा, कोल्ड ड्रिंक भरने का काम होता था। जानकारी के मुताबिक, जल्टा फूड एंड बेवरेजेज फैक्ट्री में सुधीर मल्होत्रा और विष्णु मित्तल बिजनेस पार्टनर हैं। उनकी फैक्ट्री बद्दी की नैना प्लास्टिक फैक्ट्री से बोतलें खरीदती है। खरीदारी के बाद विनोद सहवाग की कंपनी ने नैना प्लास्टिक कंपनी को चेक दिया था, जो बैंक में जमा करने पर बाउंस हो गया। फिर क्या था नैना प्लास्टिक पुलिस के पास पहुंची।

कोर्ट ने सभी आरोपियों को किया भगोड़ा घोषित

विनोद सहवाग की फैक्ट्री से चेक बाउंस होने के बाद शिकायतकर्ताओं ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। उन्होंने चेक बाउंस मामले में जल्टा फूड कंपनी के निदेशकों के खिलाफ मुकदमा दायर किया। कोर्ट ने इन सभी को भगोड़ा घोषित कर दिया है।