मराठी फिल्म ‘घुंघरू’ की रिलीज से पहले ही, डांसर गौतमी पाटिल के खिलाफ FIR दर्ज, जानिए क्या है मामला?

Published
महाराष्ट्र की प्रसिद्ध लावणी लोक नृत्यांगना गौतमी पाटिल

मुंबई: लावणी लोक नृत्यांगना गौतमी पाटिल महाराष्ट्र में एक प्रसिद्ध नाम है। बड़ों से लेकर बच्चों तक हर कोई उनके डांस परफॉर्मेंस को पसंद करता है। इसके अलावा वह अक्सर विवादों के कारण भी सुर्खियां बटोरती रहती हैं। हाल ही में एक ऐसी ही घटना घटी जब गौतमी पाटिल विवादों में घिर गईं। मिली खबर के अनुसार, गौतमी पाटिल के खिलाफ अहमदनगर में मामला दर्ज किया गया है। उनपर पुलिस की अनुमति न होने के बावजूद अपना शो आयोजित करने का आरोप लगाया गया है।

तोफखाना पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज

गौतमी पाटिल का हालिया कार्यक्रम अहमदनगर के यशोदा नगर पाइपलाइन रोड सवेदी में आयोजित किया गया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस ने तोफखाना पुलिस स्टेशन में गौतमी पाटिल और उनके निजी सहायक अशोक खरात के साथ-साथ सावदी उपनगर के मृत्युंजय युवा प्रतिष्ठान के राहुल सांगले, कैलाश नाकोड़े और एकदंत मित्र मंडल के हर्षल भागवार के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

सीजन में शो नहीं किया तो खाएंगे क्या?- गौतमी पाटिल

इस बीच हाल ही में एक मीडिया बातचीत में गौतमी ने कार्यक्रम रद्द होने को लेकर अपनी राय रखी। गौतमी ने कहा, ”मैं एक कार्यक्रम नहीं करती। मेरे साथ बहुत सी लड़कियां काम करती हैं, बाउंसर हैं। हमारे कार्यक्रम में 25 लोग हैं। इसलिए हमें जो पैसा मिलता है वह ज्यादा दिनों तक नहीं टिकता। छुट्टियों के मौसम में हमें अधिक शो मिलते हैं। अगर हमें सीजन के बीच में शो नहीं मिला तो हम और क्या करेंगे?”

पुलिस ने क्यों नहीं दी शो की अनुमति?

इससे पहले गौतमी पाटिल के खिलाफ सोलापुर में भी एक और मामला दर्ज किया गया था। तब विरार में उनके कार्यक्रम पर भी बड़ा विवाद हुआ था। इसे देखते हुए कई जगहों पर पुलिस गौतमी के कार्यक्रमों की अनुमति नहीं देती है।

जल्दी ही रिलीज होगी गौतमी की फिल्म ‘घुंघरू’

गौतमी पाटिल जल्द ही आगामी फिल्म घुंघरू से अभिनय की शुरुआत करेंगी। इसका निर्देशन बाबा गायकवाड़ ने किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म पूरी हो चुकी है और शुरुआत में महाराष्ट्र में राजनीतिक घटनाक्रम के कारण इसकी रिलीज डेट टाल दी गई थी। अब हालिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, घुंघरू अगले महीने बड़े पर्दे पर रिलीज होगी।

इस बीच मीडिया से बातचीत में गौतमी ने अपनी आने वाली फिल्म के बारे में बात करते हुए कहा कि घुंघरू जल्द ही रिलीज होने वाली है और यह एक कलाकार के जीवन पर आधारित है। ऐसी भी खबरें हैं कि यह फिल्म गौतमी की निजी जिंदगी को दिखाएगी।