केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान के समर्थन में कूदे एसपी सांसद डॉ बर्क, कहा- पश्चिम यूपी को बनाया जाए अलग राज्य

Published

संभल/उत्तर प्रदेश: केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान की पश्चिम यूपी को अलग राज्य बनाने की मांग पर सम्भल से सपा सांसद डॉ शफीकुर्रहमान बर्क असमंजस की स्थिति में हैं। सांसद ने यूपी को बड़ा राज्य बताते हुए, अलग राज्य से निजाम सही होने की उम्मीद जताई है।

बता दें कि केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने पश्चिम यूपी को अलग राज्य बनाने तथा मेरठ को राजधानी घोषित करने की जाट संसद में मांग की थी। यही नहीं उन्होंने मेरठ को राजधानी बनाने तथा मेरठ से हाईकोर्ट 750 किलोमीटर दूर बताते हुए इसे बहुत दूर बताया है।

वहीं केंद्रीय मंत्री की मांग का सम्भल सांसद शफीकुर्रहमान बर्क ने व्यक्तिगत तरीके से समर्थन किया। उन्होंने कहा कि यूपी बड़ा राज्य है। छोटा राज्य होने से निजाम अच्छा होगा। उन्होंने कहा कि अलग राज्य की मांग पहले से होती रही है सपा तथा दूसरों ने भी मांग की थी। सांसद ने आगे कहा कि संजीव बालियान की यह राय है, मगर ये कोई फार्मूला नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि समाजवादी पार्टी का रूख आने पर वे इस संबंध में कुछ कहेंगे।