आजम खान की सजा पर शिवपाल यादव का छलका दर्द, कहा- “मुसलमान होने की मिल रही…”

Published

बाराबंकी/उत्तर प्रदेश: फर्जी जन्म प्रमाण पत्र मामले में रामपुर की एमपी-एमएलए कोर्ट ने आजम खान, पत्नी तंजीम फातिमा और बेटे अब्दुल्ला आजम को सात-सात साल की सजा सुनाई है। अदालत के इस फैसले बाद समाजवादी पार्टी को तगड़ा झटका लगा है। आजम खान सपा के कद्दावर मुस्लिम नेता हैं, ऐसे में अखिलेश यादव के बाद, अब चाचा शिवपाल सिंह यादव का दर्द छलका है। उन्होंने कहा कि आजम खान को मुसलमान होने की सजा मिली है। उनके खिलाफ साजिश और षड़यंत्र रचा गया है।

कभी न कभी तो इंसाफ मिलेगा- शिवपाल सिंह यादव

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने आजम खान के जेल जाने के सवाल पर कहा कि यह निर्णय हुआ है, लेकिन इंसाफ नहीं मिला है। कभी न कभी तो इंसाफ मिलेगा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विपक्ष को खत्म करना चाहती है। विपक्ष के लोगों को झूठे केसों में फंसा कर जेल भेजती है। सरकार उनका उत्पीड़न कर रही है। पिछड़े वर्ग के लोगों के ऊपर और खासकर मुसलमानों उत्पीड़न हो रहा है। शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि पूरी समाजवादी पार्टी आजम खान के साथ है। जल्द ही आजम खान से जेल में मिलने जाएंगे।

गठबंधन पर क्या बोले शिवपाल सिंह यादव?

इस दौरान शिवपाल सिंह यादव से कांग्रेस और I.N.D.I.A. को लेकर भी सवाल पूछा गया। इसपर शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि हम चाहते हैं कि इंडिया गठबंधन मजबूती के साथ रहे और भारतीय जनता पार्टी को हटाए। कांग्रेस को भी सोचना चाहिए था कि जो वादा उन्होंने किया था, जो सीटें देने के लिए उन्होंने कहा था, वह देनी चाहिए थी। इतना होने के बाद भी समाजवादी पार्टी गठबंधन के साथ है।