Lok Sabha Election 2024: बीजेपी के लिए चुनावी मैदान में उतरेंगी माधुरी दीक्षित! जानिए कहां लड़ सकती हैं चुनाव?

Published

मुंबई: सुपरस्टार अभिनेत्री माधुरी दीक्षित, जिनका नाम धकधक गर्ल, लाखों दिलों की धड़कन, लेडी अमिताभ… जैसे कई उपनामों से उन्हें जाना जाता है। खबर है कि वे जल्द ही चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमाएंगी। ऐसी चर्चा जोरों पर है कि बीजेपी अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में माधुरी को मुंबई से टिकट देगी। हालांकि, यह अभी तक स्पष्ट नहीं है कि यह वास्तव में किस निर्वाचन क्षेत्र से मैदान में उतरने वाली हैं।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 23 सितंबर को गणेशोत्सव के दौरान मुंबई आए थे। बताया जाता है कि उस वक्त उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़णवीस के सरकारी आवास ‘सागर’ में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री से लोकसभा चुनाव को लेकर चर्चा हुई थी। इस चर्चा के बाद यह चर्चा तेज हो गई है कि माधुरी दीक्षित बीजेपी के टिकट पर मुंबई में लोकसभा चुनाव लड़ेंगी। माना जा रहा है कि राजनीतिक गलियारे में भी इसे लेकर दबी जुबान से चर्चा चल रही है।

कौन सा निर्वाचन क्षेत्र?

बता दें कि मुंबई में 6 लोकसभा सीटें हैं। इनमें से तीन सीटें बीजेपी के हाथ में हैं, तो वहीं उत्तर मध्य मुंबई लोकसभा क्षेत्र को बरकरार रखना बीजेपी के लिए चुनौती है। चर्चा है कि यहां से माधुरी को टिकट दिए जाने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। फिलहाल इस सीट को लेकर सांसद गजानन कीर्तिकर और शिंदे गुट के नेता रामदास कदम के बीच विवाद चल रहा है। हालांकि, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे इस पर पर्दा डालने में कामयाब हो गए हैं, लेकिन अगर बीजेपी को यह सीट उद्धव ठाकरे गुट के संभावित उम्मीदवार अमोल कीर्तिकर के खिलाफ मिलती है, तो माधुरी को टिकट मिलने की संभावना है।