महिला IAS-IPS की लड़ाई सोशल मीडिया से कोर्ट पहुंची, रोहिणी ने रूपा को भेजा 1 करोड़ का नोटिस, साथ ही कर दी ये बड़ी डिमांड

Published

Karnataka IAS IPS: कर्नाटक की दो वरिष्ठ महिला आधिकारियों की लड़ाई सोशल मीडिया से अब कोर्ट तक पहुंच चुकी है। IAS रोहिणी सिंधुरी (Rohini Sindhuri) ने IPS डी रूपा मौदगिल (D Roopa Moudgil) को एक करोड़ रुपये की मानहानि का नोटिस भेजा है। साथ ही प्रतिष्ठा और मानसिक पीड़ा के नुकसान के एवज में बिना शर्त लिखित माफी मांगने की मांग की है।

IPS डी रूपा ने IAS सिंधुरी के खिलाफ 19 आरोप लगाए थे। साथ ही डी रूपा ने सिंधुरी पर साथी IAS अधिकारियों के साथ फोटोज शेयर करने का भी आरोप लगाया था।

वहीं, मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो,  21 फरवरी को जारी नोटिस में रोहिणी सिंधुरी ने कहा है कि डी रूपा की तरफ से लगाए गए आरोप झूठे हैं। उन्होंने ऐसा अपराध किया है जो भारतीय दंड संहिता की धारा 500 के तहत आता है।

फेसबुक पेज पर पोस्ट हो माफी नामा

IAS रोहिणी की ओर से जारी नोटिस में IPS रूपा को कथित तौर पर मानहानिकारक टिप्पणी करने के लिए माफी मांगने का निर्देश दिया गया है। नोटिस में यह भी कहा गया है कि माफीनामे को IPS अधिकारी के फेसबुक पेज पर पोस्ट किया जाना चाहिए और साथ ही मीडिया के साथ साझा किया जाना चाहिए।

नोटिस के अनुसार, उन्हें रोहिणी के बारे में की गई फेसबुक पोस्ट भी डिलीट कर देनी चाहिए। रोहिणी की ओर से नोटिस में कहा गया है कि रूपा की टिप्पणियों से सिंधुरी और उनके परिवार के सभी सदस्यों को ‘मानसिक पीड़ा’ पहुंची है।

कौन हैं रोहिणी सिंधुरी और डी रूपा

मूलरूप से आंध्र प्रदेश की रहने वाली रोहिणी सिंधुरी कर्नाटक कैडर (2009 बैच) की IAS अफसर हैं। हाल ही में ट्रांसफर होने से पहले वे हिंदू धार्मिक संस्थानों और धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग के कमिश्नर के तौर पर काम कर रही थीं। वहीं, IPS डी रूपा कर्नाटक हस्तशिल्प विकास निगम में MD के रूप में काम कर रही थीं। उनका भी ट्रांसफर कर दिया गया है।