Haryana Assembly Election: केंद्र में दोस्ती, हरियाणा में दरार… आमने-सामने होंगी Congress-AAP

Published
Haryana Assembly Election

Haryana Assembly Election: हरियाणा में राजनीतिक माहौल चर्चा का विषय बनता जा रहा है। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने 2024 के लोकसभा चुनावों में गठबंधन करके चुनाव लड़ा था। जिसमें गठबंधन को 5 सीटों पर सफलता मिली, इन सभी सीटों पर कांग्रेस ने जीत हासिल की। वहीं, आम आदमी पार्टी मामूली अंतर से कुरुक्षेत्र की इकलौती सीट हार गई थी। जैसे ही हरियाणा विधानसभा चुनाव की चर्चाओं ने जोर पकड़ा, वैसे ही राजनीतिक गलियारों से खबर आने लगी कि हरियाणा का रण कांग्रेस और आम आदमी पार्टी एक होकर लड़ सकती हैं। लेकिन अब इसपर विराम लग चुका है।

AAP ने की उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी

हरियाणा में विधानसभा चुनाव (Haryana Assembly Election) होने में अब मात्र कुछ ही समय बचा है। जिसको लेकर आम आदमी पार्टी ने आज 20 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। वहीं, कांग्रेस 41 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। बता दें कि आम आदमी पार्टी ने जो लिस्ट जारी की है, उसमें 11 सीटें वो हैं जिसपर कांग्रेस पहले ही अपने उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। सूत्रों की मानें, तो आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच बातचीत इसलिए सफल नहीं हो पाई। क्योंकि आम आदमी पार्टी 10 या फिर 10 से अधिक सीटों की मांग कर रही थी, जो कि कांग्रेस को मंजूर नहीं था।

सीटों को लेकर नहीं बनी बात

पार्टी ने अपने प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा को कलायत सीट से चुनावी मैदान में उतारा है। इसके साथ ही भिवानी से पार्टी की वरिष्ठ नेता इंदु शर्मा को भी टिकट दिया गया है। आम आदमी पार्टी के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष सुशील गुप्ता ने आज ही ऐलान किया था कि यदि शाम तक कोई समझौता नहीं होता है, तो उनकी पार्टी सभी 90 विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम जारी करेगी। बता दें कि हरियाणा में विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 12 सितंबर है, जबकि मतदान 5 अक्टूबर को होगा और मतगणना 8 अक्तूबर को की जाएगी।

यह भी पढ़ें: Kisan Nyay Yatra: MP कांग्रेस कल से करेगी किसान न्याय यात्रा की शुरुआत, BJP सरकार को घेरने का प्लान!