Hindenburg Report Controversy: भाजपा सांसद और फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर बड़ा हमला बोला है। हिंडनबर्ग केस में राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कंगना ने उन्हें ‘सबसे खतरनाक, जहरीला, विनाशकारी आदमी और कलंक’ बता दिया है।
हिमाचल प्रदेश के मंडी से भाजपा सांसद ने सोशल मीडिया के एक्स पर पोस्ट कर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने पोस्ट में लिखा कि, “राहुल गांधी सबसे खतरनाक आदमी हैं, वे कटु, जहरीले और विध्वंसक (विनाशकारी) हैं, उनका एजेंडा है कि अगर वे प्रधानमंत्री नहीं बन सकते तो इस देश को नष्ट कर सकते हैं।”
अभिनेत्री ने आगे लिखा कि, “हिंडनबर्ग की रिपोर्ट हमारे शेयर बाजार को लक्षित करती है जिसका राहुल गांधी कल रात समर्थन कर रहे थे, वह एक बेकार की बात साबित हुई।
वे इस देश की सुरक्षा और अर्थव्यवस्था को अस्थिर करने के लिए हर संभव कोशिश कर रहे हैं।”
“आप जीवन भर… कलंक हैं”- कंगना रनौत
अभिनेत्री कंगना रनौत यहीं नहीं रुकी उन्होंने आगे लिखा कि, “श्री गांधी, आप जीवन भर विपक्ष में बैठने के लिए तैयार हो जाइए और जिस तरह से आप पीड़ित हैं, इस देश के लोगों के गौरव, विकास और राष्ट्रवाद को पीड़ित करने के लिए तैयार हो जाइए। वे आपको कभी अपना नेता नहीं बनाएंगे। आप एक कलंक हैं।”
हिंडनबर्ग की रिपोर्ट आने के बाद, राहुल गांधी ने BJP पर साधा था निशाना
बता दें कि राहुल गांधी ने हिंडनबर्ग की ताजा रिपोर्ट सामने आने के बाद पीएम मोदी पर निशाना साधा था। राहुल गांधी ने रविवार (11 अगस्त) को कहा था कि, “भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) अध्यक्ष के खिलाफ लगे आरोपों से संस्था की शुचिता के साथ समझौता हुआ है। अब यदि निवेशकों के पैसे डूबे, तो जिम्मेदार कौन होगा?” कंगना ने आज (12 अगस्त) को इसी पर प्रतिक्रिया दी।