Palestine flag hoisted in India: छत्तीसगढ़-मध्य प्रदेश के बाद महाराष्ट्र में लहराया गया फिलिस्तीनी झंडा, वीडियो वायरल

Published
Palestine flag hoisted in India
Palestine flag hoisted in India

Palestine flag hoisted in India: मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के बाद अब महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में फिलिस्तीनी झंडा लहराने की खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई स्थित ठाणे के मुंब्रा इलाके में ईद-ए-मिलाद-उन-नबी के मौके पर जुलूस निकाला गया। इस बीच वहां पर कुछ लोगों द्वारा कथित तौर पर फिलिस्तीनी झंडे को भी लहराया गया। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।

बता दें, ईद-ए-मिलाद-उन-नबी के मौके पर निकाले गए जुलूस के दौरान देश के अलग-अलग हिस्सों में फिलिस्तीनी झंडे को लहराने की खबरें सामने आई हैं। जिसके बाद पुलिस ने जुलूस के दौरान फिलिस्तीनी झंडे लहराने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है।

मध्य प्रदेश में फिलिस्तीनी झंडा लहराने के मामले में 3 गिरफ्तार

महाराष्ट्र से पहले मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में जुलूस के दौरान फिलिस्तीनी झंडा लहराने की खबर सामने आई थी। बता दें, मध्य प्रदेश के बालाघाट शहर में ईद-ए-मिलाद-उन-नबी के मौके पर निकाले गए जुलूस के दौरान कथित तौर पर फिलिस्तीनी झंडा लहराया गया। जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 3 युवकों को गिरफ्तार करने के साथ एक नाबालिग लड़के को हिरासत में लिया।

पुलिस के मुताबिक, ये सभी लोग सोशल मीडिया पर वायरल हुई रील और इंस्टाग्राम वीडियो (जिसमें फिलिस्तीनी झंडे का महिमामंडन किया जा रहा था) से प्रेरित हुए थे।

छत्तीसगढ़ में घरों पर लहराया गया फिलिस्तीनी झंडा

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में भी ईद-ए-मिलाद-उन-नबी के मौके पर घरों से फिलिस्तीनी झंडा लहराया गया था। जिसके बाद पुलिस ने मामले में 5 लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, बिलासपुर शहर के तारबाहर इलाके में कुछ घरों पर लोगों ने फिलिस्तीनी झंडा लगाया था।