दूसरी पत्नी की मौत होने पर पहली पत्नी को कराया मृत घोषित, रिश्तों में उलझा प्रशासन, जानिए क्या है पूरा मामला…

Published

अमठी/उत्तर प्रदेश: संपूर्ण भारत में 90% विवाद के पीछे का कारण जर, जोरू और जमीन होता है । अब तो लोगों के अंदर एक नया ट्रेंड चल गया है। जिसमें संबंधी व्यक्ति के जिंदा रहते लोगों से मृतक घोषित कर संपत्ति का वरासत दर्ज करवा देते हैं।

ऐसा ही एक मामला अमेठी तहसील क्षेत्र अंतर्गत संग्रामपुर थाना क्षेत्र के ठेंगहा गांव से प्रकाश में आया है। यहीं के निवासी राम सत्य ओझा की पुत्रवधू शशि ओझा पत्नी सूर्य प्रकाश ओझा ने गले में तख्ती डालकर एसडीएम कार्यालय अमेठी के सामने परेड की। जिसमें यह लिखा हुआ है कि साहब मुझे जिंदा कर दीजिए। एक जिंदा व्यक्ति अधिकारियों से इस बात की गुहार लगा रहा है कि मुझे जिंदा कर दीजिए।

इसका मतलब हुआ वह व्यक्ति जिंदा होकर भी जिंदा नहीं है। क्योंकि, कागजों में उसे मृतक घोषित कर दिया है। यहीं नहीं, उसके नाम सड़क के किनारे जो वेश कीमती जमीन थी, उसकी वरासत करा ली गई है। ऐसे में कागजों में मृतक शशि ओझा अधिकारियों से अपने आप को जिंदा घोषित करने के लिए पिछले 3 दिनों से अमेठी तहसील के चक्कर काट रही।

राजस्व विभाग की लापरवाही आई सामने

ऐसे में राजस्व विभाग की बड़ी लापरवाही उजागर हुई है। जिसके चलते एक जीवित महिला जिंदा होते हुए भी कागजों में मृतक हो गई है। अधिकारियों को ऐसा कृत्य करने और करने वाले दोनों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्यवाही करते हुए जेल भेजना चाहिए।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, पूरा मामला अमेठी तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा ठेंगहा निवासी राम सत्य ओझा के छोटे पुत्र सूर्य प्रकाश की दो शादियां हुई हैं। सूर्य प्रकाश ओझा की पहली पत्नी शशि ओझा है। सूर्य प्रकाश अपनी पत्नी को लेकर नई दिल्ली में रहता था। सूर्य प्रकाश को पहली पत्नी शशि से दो संतानें भी हैं। किंतु कालांतर में दोनों के बीच मतभेद होने के चलते दूरियां बढ़ती गईं और सूत्रों के अनुसार दोनों के बीच संबंध विच्छेद भी हो गया।

ऐसे में एक संतान शशि ओझा के पास रहती थी जबकि, दूसरी संतान (लड़का) ठेंगहा गांव में अपने दादा-दादी के साथ रहता था। संबंध विच्छेद होने के बाद सूर्य प्रकाश ने दूसरी शादी कर ली। अभी कुछ दिनों पहले सूर्य प्रकाश की दूसरी पत्नी का स्वर्गवास हो गया अभी तक उसकी वार्षिकी भी नहीं हुई है। सूर्य प्रकाश की पहली पत्नी शशि अपनी दूसरी संतान को अपने पास नई दिल्ली ले जाना चाहती थी और लगातार इसका प्रयास कर रही थी, लेकिन वह सफल नहीं हुई।

इसी बीच उसकी पहली पत्नी शशि स्थानीय पुलिस के साथ सूर्य प्रकाश के गांव ठेंगहा स्थित घर पहुंची। जहां पर वहां अपने सास ससुर के पास से रह रहे अपने बेटे को ले जाना चाहती थी। लेकिन जब पुलिस वालों ने लड़के से पूछा कि वह किसके साथ रहना चाहता है। तब लड़के ने मां और दादी दोनों में से अपनी मां को चुना। इसके बाद वह बैरंग वापस हो गई। यहीं, पर आने के बाद किसी के माध्यम से उसको यह पता चला कि उसको मृत दिखाकर उसकी जमीन की वरासत करा ली गई है। हालांकि, वरासत में उसके ही नाबालिग पुत्र का नाम दर्ज है।

मृत्यु दूसरी पत्नी की हुई और मृत्यु प्रमाण पत्र पहली पत्नी बना!

लोग बताते हैं कि ऐसा इसीलिए किया गया है कि जिससे सड़क के किनारे स्थित बेशकीमती जमीन को शशि औने-पौने दामों में किसी के हाथों न बेच सके। इसीलिए ऐसा किया गया है। लेकिन कहीं ना कहीं तरीका गलत चुना गया। सूर्य प्रकाश की दूसरी पत्नी मृतक हुई थी।

इसी का लाभ लेते हुए पहली पत्नी को मृतक दिखाकर मृत्यु प्रमाण पत्र बनवा लिया गया और उसी के आधार पर विरासत दर्ज कर दी गई है। फिलहाल जानकारी होने के उपरांत शशि ओझा पिछले तीन दिनों से अमेठी तहसील के चक्कर काट रही है। ऐसे में आज उप जिलाधिकारी अमेठी प्रीती तिवारी ने मामले की जांच कराकर उचित कार्यवाही करने का आश्वासन दिया है।