Assam Gang Rape Case:असम गैंगरेप के मुख्य आरोपी तफजुल इस्लाम की मौत, तालाब में कूदकर भागने की थी कोशिश

Published

Assam Gang Rape Case: असम के धींग गैंगरेप मामले के मुख्य आरोपी तफजुल इस्लाम की आज सुबह मौत हो गई है। सुबह करीब 4 बजे पुलिस आरोपी को अपराध स्थल पर क्राइम सीन को रिक्रिएट करने के लिए ले जा रही थी। इसी बीच उसने तालाब में कूदकर पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की लेकिन इस बीच उसकी मौत हो गई है।

पुलिस के मुताबिक, 24 अगस्त की सुबह करीब 4 बजे जब टीम क्राइम सीन को रिक्रिएट करने के लिए अपराध स्थल पर जा रही थी। इस बीच मुख्य आरोपी तफजुल इस्लाम ने तालाब में कूदकर पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की। जिसके बाद उसके डूबने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने भी तुरंत तलाशी अभियान शुरू किया। दो घंटे की खोज के बाद, बचाव टीम को आरोपी इस्लाम का शव पानी में मिला।

क्या है पूरा मामला?

बृहस्पतिवार रात करीब 8 बजे, एक नाबालिग लड़की, ट्यूशन से साइकिल पर घर लौट रही थी, इस बीच तीन व्यक्तियों ने उस पर हमला कर दिया और उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया। ये तीनों आरोपी मोटरसाइकिल पर थे। पुलिस के अनुसार, उन्होंने लड़की के साथ दुष्कर्म किया और उसे गंभीर हालत में सड़क किनारे छोड़ दिया। वहीं जब स्थानीय निवासियों ने उसे बेहोशी की हालत में पाया तो तुरंत पुलिस को सूचित किया। जिसके बाद पीड़िता को तुरंत अस्पताल में भर्ती करवा गया। साथ ही जांच शुरू की गई। जांच के बाद, पुलिस ने शुक्रवार को इस्लाम को गिरफ्तार किया, और उसे गैंगरेप मामले में तीसरे आरोपी के रूप में पहचाना गया।