Atishi New Delhi Chief Minister: दिल्ली की नई मुख्यमंत्री होंगी आतिशी, गोपाल राय ने दिया बड़ा बयान

Published
Delhi Water Crisis

Atishi New Delhi Chief Minister: आप नेता आतिशी दिल्ली की नई मुख्यमंत्री होंगी। सूत्रों के मुताबिक, आप विधायक दल की बैठक में फैसला लिया गया है। बता दें, अगले चुनाव तक मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी आतिशी निभाएंगी।

दिल्ली की नई मुख्यमंत्री होंगी आतिशी

आप नेता आतिशी को आप विधायक दल का नेता और दिल्ली का नया सीएम चुने जाने के बाद आप मंत्री गोपाल राय ने कहा, “आज दिल्ली आप विधायक दल की बैठक बुलाई गई। बैठक में सर्वसम्मति से आतिशी को अगले दिल्ली चुनाव तक सीएम की जिम्मेदारी दी गई है।

विपरीत परिस्थितियों में हमें यह जिम्मेदारी देनी पड़ी। जिस तरह से बीजेपी की केंद्र सरकार, पूरी बीजेपी, देश के पीएम ने आम आदमी पार्टी को खत्म करने के लिए साजिश रची और एजेंसियों का दुरुपयोग किया। जिस तरह से देश में सरकारें गिराई गईं, उसी तरह दिल्ली सरकार को भी गिराने की कोशिश की गई। ऐसी सभी कोशिशों को नाकाम करते हुए आम आदमी पार्टी ने अपनी एकता और काम जारी रखा। उन्होंने कोशिश की कि अरविंद केजरीवाल जेल से इस्तीफा दे दें और सरकार को गिराया जा सके।

लेकिन दिल्ली के लोगों के हित में, अरविंद केजरीवाल ने जेल से इस्तीफा नहीं देने और वहीं से सरकार चलाने का फैसला किया। लेकिन जेल से बाहर आने के बाद, अपनी सबसे बड़ी ताकत – ईमानदारी के साथ, उन्होंने दिल्ली के लोगों के लिए वह किया जो आज तक भारत में किसी भी अन्य राज्य सरकार ने नहीं किया है। बाहर आने के बाद, उन्होंने लोगों की अदालत में जाने का फैसला किया और जब तक लोग उन्हें एक बार फिर से सीएम नहीं चुन लेते, तब तक वह सीएम नहीं बने रहेंगे।”

कौन हैं आतिशी?

आप नेता आतिशी का जन्म 8 जून 1981 को दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रोफेसर विजय कुमार सिंह और त्रिप्ता वाही के घर हुआ। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा नई दिल्ली के स्प्रिंगडेल स्कूल से की। इसके बाद इतिहास में ग्रेजुएशन सेंट स्टीफंस कॉलेज से और फिर ऑक्सफ़ोर्ड विश्वविद्यालय में शेवनिंग छात्रवृत्ति पर मास्टर की डिग्री हासिल की। कुछ समय बाद, उन्होंने शैक्षिक अनुसंधान में रोड्स स्कॉलर के रूप में ऑक्सफोर्ड से अपनी दूसरी मास्टर डिग्री हालिस की।

भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन के दौरान रखा राजनीति में कदम

आप नेता आतिशी ने साल 2012 में भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन के दौरान राजनीति में कदम रखा और आम आदमी पार्टी की स्थापना के समय वह पार्टी में शामिल हो गईं। बता दें, साल 2013 में उन्होंने विधानसभा चुनाव में आप पार्टी का मेनिफेस्टो तैयार करने में अहम भूमिका निभाई थी। साल 2014 के चुनाव से पहले उन्हें प्रवक्ता बनाया गया।

2019 में उन्होंने पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा। लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद उन्होंने साल 2020 में कालकाजी सीट से विधानसभा चुनाव लड़ा और जीत भी हासिल की। अभी वह दिल्ली के कालकाजी से विधायक हैं। इसी के साथ वह आम आदमी पार्टी सरकार में शिक्षा मंत्री की भी जिम्मेदारी संभाल रहीं हैं। वहीं अब वह दिल्ली के मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी संभालेंगी।