Bangladesh Floods: बांग्लादेश ने बाढ़ के लिए भारत को ठहराया जिम्मेदार, विदेश मंत्रालय ने दिया जवाब

Published
Bangladesh Floods

Bangladesh Floods: बांग्लादेश के कुछ क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है, और इसके लिए बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने भारत को जिम्मेदार ठहराया है। मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली बांग्लादेश की अंतरिम सरकार का दावा है कि भारत के कारण बांग्लादेश में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हुई है। उनका कहना है कि त्रिपुरा में गोमती नदी पर बने बांध के फाटक खोल दिए गए हैं, जिससे बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है।

भारत ने बांग्लादेश के दावे को किया खारिज

हालांकि, भारत ने बांग्लादेश के द्वारा किए जा रहे दावे को खारिज कर दिया है। भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा है कि यह समस्या दोनों के लिए ही है। इसके कारण दोनों ही पक्षों को परेशानी होती है। इसका समाधान ढूंढने की आवश्यकता है। मंत्रालय ने कहा कि हमने देखा है कि बांग्लादेश की पूर्वी सीमा के जिलों में बाढ़ त्रिपुरा में नदी के बांध को खोलने की वजह से आई है।

इस वजह से पानी हुआ ज्यादा

मंत्रालय ने जानकारी दी है कि इस साल भारत और बांग्लादेश से होकर बहने वाली गोमती नदी में भारी बारिश के कारण पानी का स्तर बहुत अधिक बढ़ गया है। बांग्लादेश में बाढ़ मुख्य रूप से बांध के नीचे स्थित बड़े जलग्रहण क्षेत्रों से आ रही अतिरिक्त जल राशि के कारण हुई है। मंत्रालय ने बताया कि डंबूर बांध बांग्लादेश की सीमा से 120 किलोमीटर से अधिक दूर है। यह एक कम ऊंचाई (लगभग 30 मीटर) वाला बांध है, जो बिजली उत्पन्न करता है और बिजली ग्रिड में आपूर्ति करता है, जिससे बांग्लादेश को त्रिपुरा से 40 मेगावाट बिजली मिलती है।

लगातार बारिश ने बढ़ाई चिंता

इस बार लगातार हो रही भारी बारिश ने बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न कर दिए हैं। 21 अगस्त से पूरे त्रिपुरा और बांग्लादेश में भारी मात्रा में बारिश हो रही है। मंत्रालय ने कहा कि पानी का स्तर बढ़ जाने के कारण उसे नियंत्रित करने के लिए छोड़ा जा रहा है। दोनों देशों के बीच 54 स्थानों पर नदियां साझा की जाती हैं। इस स्थिति के समाधान के लिए हम पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं।

यह भी पढ़ें: Metro Viral Video: गाजियाबाद मेट्रो में आपस में भिड़े दो शख्स, सीट के लिए हुई हाथापाई