गंगा नदी पर बन रहा सुल्तानगंज-अगुवानी पुल फिर से ढहा, गिरने का रिकॉर्ड तोड़ चुका है ये पुल!

Published

Bhagalpur Construction Bridge Collapse: बिहार में पुल ढहने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। वहीं, इस बीच एक और पुल ढहने का वीडियो सामने आया है। वीडियो में सुल्तानगंज-अगुवानी गंगा नदी पर बन रहे चार लेन पुल का एक हिस्सा गंगा नदी में गिरता हुआ दिखाई दे रहा है। पुल के गिरने का कारण बाढ़ के चलते पिलर का डूबना बताया गया है।

जानकारी के मुताबिक, सुल्तानगंज से अगुवानी घाट तक पिलर 9 और पिलर 10 के बीच का हिस्सा गंगा नदी में डूब गया है। इसके परिणामस्वरूप, पिलर कमजोर हो गया और पुल का एक हिस्सा नदी में गिर गया। घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

जून 2023 में लगभग 200 मीटर हिस्सा ढहा

ऐसा पहली बार नहीं है जब गंगा नदी पर बन रहा सुल्तानगंज-अगुवानी पुल का हिस्सा ढह गया हो। दरअसल, जून 2023 को निर्माणाधीन पुल का स्ट्रक्चर नदी में ढह गया था। उस समय अगुवानी की ओर से पुल के पिलर नंबर 10, 11 और 12 पर स्थित पूरा स्ट्रक्चर गिर गया था, जिसका लंबाई लगभग 200 मीटर थी।

अप्रैल 2022 में करीब 100 फीट लंबा हिस्सा ढहा

इसके पहले, अप्रैल 2022 को भी इसी पुल का स्ट्रक्चर नदी में गिर गया था। तेज आंधी और बारिश के कारण करीब 100 फीट लंबा हिस्सा ढह गया था, लेकिन इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं थी। इस घटना के बाद पुल निर्माण कार्य फिर से शुरू किया गया।