BJP और कांग्रेस को हरियाणा में बड़ा झटका; दोनों पार्टियों के 100 से ज्यादा पदाधिकारी AAP में शामिल

Published

रोहतक: हरियाणा में आम आदमी पार्टी की लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है। गुरुवार को आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता और वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा की मौजूदगी में भाजपा और कांग्रेस के 100 से ज्यादा पदाधिकारियों ने पार्टी में शामिल होने की घोषणा की। इनमें भाजपा के जिला कार्यकारिणी सदस्य अमन मुंजाल, प्रकाश विडलांन, राजन मुंजाल, सुरेंद्र जांगड़ा, भूषण आहूजा और दर्शन विग समेत कई प्रमुख नेता शामिल थे।

हरियाणा के खिलाड़ियों के साथ भेदभाव का आरोप

डॉ. सुशील गुप्ता ने भाजपा सरकार पर हरियाणा के खिलाड़ियों के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि 2018 में यूथ ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतने वाली निशानेबाज मनु भाकर को पुरस्कार राशि के लिए संघर्ष करना पड़ा था। डॉ. गुप्ता ने कहा, “भाजपा सरकार अपनी पीठ थपथपाने में सबसे आगे है, लेकिन जब खिलाड़ी संघर्ष कर रहे होते हैं, तब कोई उनका हाथ पकड़ने नहीं आता।”

उन्होंने केंद्र सरकार पर भी भेदभाव करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पेरिस ओलंपिक में भाग लेने वाले 24 हरियाणवी खिलाड़ियों के लिए सिर्फ 66.59 करोड़ रुपये का फंड आवंटित किया गया, जबकि गुजरात को 428 करोड़ रुपये मिले। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर खिलाड़ियों के लिए एक्शन प्लान लाया जाएगा, जिसमें ट्रेनिंग, स्वास्थ्य और इंफ्रास्ट्रक्चर की सुविधाएं शामिल होंगी।

हरियाणा में बदलाव की लहर

वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने कहा कि आम आदमी पार्टी अब हरियाणा में एक मजबूत विकल्प बन चुकी है। शहर और गांवों में लोग अरविंद केजरीवाल की पांच गारंटियों पर विश्वास कर रहे हैं। ढांडा ने कहा, “हरियाणा की जनता इस बार शिक्षा और स्वास्थ्य के मुद्दे पर वोट करेगी। दिल्ली और पंजाब की तरह यहां भी 300 यूनिट फ्री बिजली, महिलाओं को सम्मान राशि और युवाओं को रोजगार देने का काम आम आदमी पार्टी करेगी।”

भाजपा पर तीखे हमले

अनुराग ढांडा ने भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी तीखे हमले किए। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने मोदी जी की तानाशाही के सामने घुटने नहीं टेके और जनता को मुफ्त शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, बिजली और पानी देने की गारंटी दी है। उन्होंने कहा, “हरियाणा के लोग अरविंद केजरीवाल को जेल में डालने का बदला भाजपा से लेंगे और इस बार भाजपा को एक भी सीट नहीं मिलेगी।”