बंटी आंजना हत्याकांड के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता, दोनों मुख्य आरोपियों की हुई गिरफ्तारी

Published

Chittorgarh: राजस्थान के चित्तौडग़ढ़, निंबाहेड़ा नगर में दो फरवरी को हुए दिनदहाड़े बंटी आंजना हत्याकांड के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मर्डर के दो मुख्य आरोपियों को पुलिस ने प्रतापगढ़ के अरनोद गांव से गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में मुख्य आरोपी अजयपाल को राजस्थान सरकार के सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना के भतीजे अरविंद आंजना ने जेल में रहते हुए 15 लाख रुपए की सुपारी दी थी।


दरअसल, इस मामले का खुलासा करते हुए एसपी राजन दुष्यंत ने बताया है कि मंदसौर, एमपी निवासी अजय पाल पुत्र प्रभुलाल जाट और कृष्ण पाल उर्फ कान्हा पुत्र गुलाब सिंह सिसोदिया को प्रतापगढ़ के अरनोद गांव के हनुमान मंदिर के पास से दोनों को बापर्दा गिरफ्तार किया गया।

दोनों आरोपी इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी है। अजय पाल ने ही 2 फरवरी को दिनदहाड़े निंबाहेड़ा जेल के पास बंटी आंजना को गोलियों से भून दिया था। एसपी ने बताया कि अजय पाल 30 अगस्त 2022 से 6 सितंबर 2022 तक जिला प्रतापगढ़ के एक केस में जेल में बंद था।

उसी समय छोटीसादड़ी में विकास प्रजापत मर्डर केस के आरोप में सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना के भतीजे अरविंद अंजना पुत्र भंवरलाल आंजना निवासी केसुंदा भी जेल में था।

15 लाख रुपए में दी थी सुपारी

एसपी राजन दुष्यंत ने बताया है कि जेल में ही दोनों की दोस्ती हो गई थी। अरविंद ने अजय पाल को बंटी आंजना से रंजिश के बारे में बताया। अरविंद ने अजयपाल को बंटी के मर्डर के लिए तैयार किया और कहा कि जेल से बाहर जाते ही उसका मर्डर कर देना। इसके लिए उसने अजयपाल को 15 लाख रुपए देने भी वादा किया।

उन्होंने बताया कि अजय पाल पहले से ही तंगी में जी रहा था इसलिए उसने यह ऑफर एक्सेप्ट कर लिया। अजय पाल जेल से निकला और प्लानिंग की। सबसे पहले उसने अपनी एक टीम बनाई। इस टीम में उसने अपने तीन दोस्त कृष्णपाल उर्फ कान्हा, सुरेश जाट और रमेश उर्फ कान्ह भील को शामिल किया। चारों मिलकर बंटी आंजना की रेकी करते थे।

दो बार मारने की कोशिश हुई थी नाकाम

उन्होंने बताया कि इससे पहले भी दो बार छोटी सादड़ी में बंटी आंजना को मारने की कोशिश की गई थी। लेकिन एक बार बंटी आंजना अपने परिवार के साथ था तो दूसरी बार 5-7 लोगों के साथ था। जिसके कारण यह दोनों बार प्लानिंग फेल हो गई। इसके बाद भी लगातार सभी उस पर निगरानी रख रहे थे, निंबाहेड़ा में मौका मिलते ही बंटी आंजना का मर्डर कर दिया।

थप्पड़ कांड के बाद किया मर्डर

किसी विवाद में बंटी आंजना ने अरविंद आंजना को थप्पड़ मारा था, जिसके बाद इसका वीडियो बनाकर बंटी आंजना का दोस्त विकास प्रजापत ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था। इससे रंजिश रखते हुए भी अरविंद आंजना ने विकास प्रजापत का मर्डर कर दिया था। उसके बाद लगातार वह बंटी आंजना को टारगेट कर रहा था, लेकिन उसे मौका नहीं मिला।

विकास प्रजापत मर्डर केस में अरविंद आंजना को जेल में डाल दिया गया, जो अभी भी जेल में बंद है। अजय पाल और कृष्ण पाल दोनों ही अलग-अलग जगह पर शरण ले रहे थे। उन्होंने राजस्थान और एमपी भी छोड़ दिया था, लेकिन दोबारा जब अरनोद, प्रतापगढ़ आए तो पकड़े गए। घटना के बाद से ही चारों आरोपी अलग-अलग जगह पर रह रहे थे।