BJYM के कार्यकर्ताओं ने किया महाघेराव, तेजस्वी सूर्या का जोरदार हमला

Published
BJYM के कार्यकर्ताओं ने किया महाघेराव

अजमेर, राजस्थान: इस साल विधानसभा का चुनाव है और विपक्षी पार्टी बीजेपी लगातार कांग्रेस सरकार को घेरने में लगी है। पेपर लीक और भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर बीजेपी युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने जबरदस्त प्रदर्शन किया। BJYM के कार्यकर्ताओं ने RPSC का महाघेराव किया, साथ ही मुख्यमंत्री के पुतले भी फूंके गए।

गहलोत सरकार के खिलाफ प्रदर्शन

भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या के नेतृत्व में कार्यकर्तओं ने गहलोत सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस ने PSC जाने से रोका तो कार्यकर्ता पुलिस से भीड़ गए, साथ ही बैरिकेडिंग भी गिरा दी गई। अजमेर पुलिस ने भी BJYM के कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया।

सरकार के खिलाफ नारेबाजी

BJYM के प्रदर्शन के दौरान पूर्व माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान के बाहर BJP पदाधिकारियों ने आम सभा को संबोधित किया और कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। BJP पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को आड़े हाथों लिया, इसके अलावा BJYM के कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का पुतला फूंका और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। 

‘जनता माफ नहीं करेगी’

महंत बालक नाथ ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि ‘कांग्रेस शासन में युवाओं लूटने का काम किया है। युवाओं के भविष्य के पेपर को चोरी करने का काम किया, इन्हें जनता माफ नहीं करेगी, चाहे जितनी बार पेपर लीक हुआ इन्होंने चोरी करने का काम किया है, इन्होंने चोरी की है।

तेजस्वी सूर्या का कार्यकर्ताओं को संदेश

युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि ‘यह भाषण का समय नहीं, आंदोलन का समय है। यह लाठी खाने का समय है, यहां की भ्रष्ट कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री ने करोड़ों युवाओं साथियों का भविष्य बर्बाद करने का काम किया है। सूर्या ने कहा कि जहां-जहां कांग्रेस की सरकार है वहां युवाओं के साथ अन्याय हो रहा है, आने वाले दिन में जितने भी युवा है, वो आक्रोश खड़ा करके सरकार बनाने का काम करेंगे।

सरकार आने पर होगी कार्रवाई

तेजस्वी ने आगे कहा कि ‘रीट मामला हो, पेपर लीक हो मुख्यमंत्री CBI जांच नहीं करवा रहे,  RPSC राहुल गांधी के पेपर सेल कमीशन के तौर पर काम कर रहा है।’ सूर्या ने कहा कि हमारी सरकार आने पर 90 दिनों में CBI जांच कराकर सभी को अंदर करने का काम करेगी।

BJP राजस्थान के दिग्गज रहे मौजूद

युवा आक्रोश महाघेराव में युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या, BJP राजस्थान प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अंकित चेची, युवा मोर्चा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नेहा जोशी, सांसद और महाघेराव के प्रभारी अलवर सांसद बाबा बालक नाथ, प्रदेश मंत्री नीलम गुर्जर, प्रदेश मंत्री अनंत राम विश्नोई, डॉ मिथिलेश गौतम सहित BJP और युवा मोर्चा की पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच भीड़ंत

बोर्ड ऑफिस पर प्रदर्शन के बाद भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता RPSC की ओर जाने लगे लेकिन बोर्ड ऑफिस से करीब 3 किलोमीटर RPSC के रास्ते को पूरी तरीके से बैरिकेडिंग लगाकर बंद कर दिया गया था, लेकिन जब BJYM के कार्यकर्ता सभा स्थल से RPSC जाने के लिए रवाना हुए तो रास्ते में लगी बेरिकेडिंग को देखकर वे भड़क गए और उन्होंने बैरिकेडिंग को सड़क पर गिरा दी और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का मुक्की भी की जिसके बाद पुलिस ने उन पर बल प्रयोग किया।

रिपोर्ट – विकास टाक

लेखक – रोहन मिश्रा