पंडोह डैम के पास बना अस्थाई लिंक टूटने से चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे बंद

Published

मंडी/हिमाचल प्रदेश: हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते तबाही मची हुई है सरकार राज्य की सुरक्षा के लिए लगातार काम कर रही है लेकिन प्रकृति के सामने किसी की नहीं चलती है हिमाचल में आई त्रासदी से राज्य को करोड़ो का नुकसान हो चुका है वहीं आम लोगों को अपने घर छोड़कर पलायन करना पड़ रहा है। वहीं बीती शाम से हो रही बारिश के चलते चंडीगढ़ मनाली नेशनल हाईवे एक बार फिर से बंद हो गया है।

हजारों की संख्या में फंसे वाहन

यह नेशनल हाईवे पंडोह डैम के पास बने अस्थाई लिंक पर पहाड़ी से मलवा गिरने व सड़क धंसने के कारण बंद हो गया है। जिसके बाद नेशनल हाईवे  के दोनों ओर एक हजार से अधिक वाहन जाम में फंस गए है। कुल्लु से मंडी की ओर आ रहे वाहनों की बात करें तो 600 के करीब वाहन कैंची मोड़ के पीछे फंसे हुए है। वहीं मंडी से कुल्लू की ओर जा रहे 700 के करीब वाहन 4 मील से 9 मील के बीच में फंसे हुए है। बारिश व लगातार मौसम खराब होने के चलते इस मार्ग को खोलना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।

प्रशासन ने दी जानकारी

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर चंद्र ने बताया कि, अस्थाई लिंक रोड़ बंद होने के कारण कैंची मोड से जोगनी माता मंदिर तक सैंकड़ों वाहन फंसे हुए है। इन फंसे हुए वाहनों में से छोटी गाड़ियों को बजौरा के रास्ते कंमाद भेजा जा रहा है। इस वैकल्पिक मार्ग पर कुल्लू से मंडी की ओर वाहनों को भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि बजौरा-कमांद मार्ग भी जगह जगह लैंडस्लाइड हुआ है। इन लैंडस्लाइड को हटाने के लिए इस मार्ग को बीच-बीच में बंद रखा जाएगा। वहीं उन्होंने कहा कि इस मार्ग पर भी बारिश के चलते जगह-जगह भूस्खलन होने का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने लैंडस्लाइड संभावित क्षेत्रों में वाहन चालकों से सावधानी से सफर करने की हिदायत दी है।

रिपोर्ट: नितेश सैनी

लेखक: विशाल राणा